पटना: बिहार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी के आधिकारिक एक्स अकाउंट की सेटिंग्स और एक्सेस के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस संबंध में पटना के साइबर क्राइम थाने में मंत्री के बयान पर उनके पूर्व निजी सहायक (पीए) निशांत केतु झा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।अशोक चौधरी ने अपनी लिखित शिकायत में बताया है कि पहले इस सोशल मीडिया अकाउंट का संचालन निशांत केतु झा द्वारा किया जाता था। हालांकि, अब निशांत का मंत्री कार्यालय से कोई संबंध नहीं है, लेकिन अकाउंट से जुड़ी मुख्य ईमेल आईडी का नियंत्रण अब भी उन्हीं के पास है।
वर्तमान में मंत्री की नई अधिकृत टीम जब इस अकाउंट का पूर्ण नियंत्रण अपने हाथ में लेने का प्रयास कर रही है, तो तकनीकी जानकारियां और एक्सेस न मिलने के कारण इसमें भारी कठिनाई आ रही है। साइबर थाना डीएसपी नितिश चंद्र धारिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
नियंत्रण के बदले धन उगाही और दुरुपयोग की आशंका
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब मंत्री की ओर से आरोप लगाया गया कि अकाउंट का क्रेडेंशियल और ईमेल एक्सेस वापस करने के बदले में पैसों की मांग की जा रही है।
शिकायत में इस बात पर विशेष चिंता जताई गई है कि यह सोशल मीडिया हैंडल सरकार में एक मंत्री के रूप में उनके आधिकारिक जनसंपर्क और सार्वजनिक संवाद का मुख्य जरिया है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अनाधिकृत पहुंच या हस्तक्षेप से इसके दुरुपयोग और जनता के बीच भ्रामक संदेश जाने की पूरी आशंका है। फिलहाल साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



