- Advertisement -
CM-Plan AddCM-Plan Add

40 घंटे बाद भी सैफ के हमलावरों को पकड़ने में मुंबई पुलिस नाकाम, मंत्र का अंडरवर्ल्ड के हाथ से इनकार

Sharmila Tagore visits Saif Ali Khan
मुंबईः   मुंबई के बांद्रा इलाके में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर उनके ही घर में हुए चाकू से हमले के सिलसिले में पुलिस ने शुक्रवार को एक बढ़ई से पूछताछ की जबकि राज्य सरकार के एक मंत्री ने इस घटना में अंडरवर्ल्ड का हाथ होने से इनकार किया।

सैफ अली खान का हमलावर अभी तक फ़रार

सैफ (54) पर बुधवार देर रात उनके बांद्रा स्थित आवास पर एक हमलावर ने धारदार हथियार से हमला किया था जिसमें उनकी गर्दन समेत छह जगह पर चोट आई।सैफ का उपचार कर रहे चिकित्सकों ने कहा कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है और उन्हें दो-तीन दिन में अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।

मुंबई पुलिस ने एक उठाया

अधिकारी ने बताया कि बढ़ई की पहचान वारिस अली सलमानी के रूप में हुई है, जिसे पूछताछ के लिए बांद्रा थाने ले जाया गया क्योंकि उसका हुलिया घुसपैठिए से मिलता-जुलता है, जिसने चोरी के प्रयास के दौरान सैफ पर चाकू से कई वार किए थे।बृहस्पतिवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हमलावर का चेहरा साफ तौर पर दिखाई दिया। वीडियो में देर रात लगभग 2:30 बजे लाल गमछा डाले और एक बैग लिये हमलावर को ‘सतगुरु शरण’ इमारत की छठी मंजिल से सीढ़ियों से नीचे भागते हुए देखा गया, जहां खान रहते हैं।

सलमानी कर रहा था सैफ के घर काम

अधिकारी के मुताबिक, सलमानी ने घटना से दो दिन पहले अभिनेता के फ्लैट पर काम किया था। काम कराने वाले ठेकेदार ने बढ़ई को हमले के बारे में सूचित किया था। घंटों तक पूछताछ के बाद पुलिस उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गई।

30 से अधिक टीम गठित

एक और अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि पूछताछ के लिए बांद्रा थाने में लाए गए व्यक्ति का खान पर हमले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, हमलावर का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए 30 से अधिक टीम गठित की गई हैं।  हमलावर की उम्र 35 से 40 साल के बीच बताई जा रही है।

अंडरवर्ल्ड का हाथ नहीं

महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने इस घटना के पीछे चोरी को मकसद बताया और हमले में किसी अंडरवर्ल्ड गिरोह का हाथ होने की बात को सिरे से खारिज कर दिया। सैफ पर धारदार हथियार से हमला किया गया था जिसमें उनकी गर्दन समेत छह जगह पर चोट आई। लीलावती अस्पताल में उनकी सर्जरी की गई, जहां वह आनन-फानन में ऑटोरिक्शा से पहुंचे थे।

सैफ की हालत में सुधार

लीलावती अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे ने कहा, ‘‘हम उनकी प्रगति पर नजर रख रहे हैं और हमारी उम्मीदों के मुताबिक उनकी हालत में अच्छी तरह सुधार हो रहा है। उनकी प्रगति के अनुसार, हमने उन्हें आराम करने की सलाह दी है और अगर वह ठीक महसूस करते हैं, तो दो से तीन दिन में हम उन्हें छुट्टी दे देंगे।’’

ख़ुद से चल पा रहे हैं सैफ

उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की एक टीम ने उनकी जांच की और उन्हें चलवाकर देखा। बृहस्पतिवार को खान की सर्जरी करने वाली टीम के प्रमुख रहे डॉ. डांगे ने कहा कि अब सैफ को गहन देखभाल इकाई (आईसीयू) से बाहर निकाला जा रहा है और ‘‘हम उन्हें एक विशेष कमरे में स्थानांतरित कर रहे हैं।’’
डॉक्टर के मुताबिक  ‘‘खान को तीन चोट आईं। दो हाथ पर और एक गर्दन के दांई ओर। और बड़ा घाव पीठ पर आया जो रीढ़ की हड्डी में था जिसे हम थोरेसिक स्पाइन कहते हैं। शरीर के अंदर एक धारदार चीज धंसी थी जो बहुत गहराई में चली गई थी तथा ड्यूरा एवं स्पाइन कोर्ड तक पहुंच गई, लेकिन इसने रीढ़ के तंतु को नुकसान नहीं पहुंचाया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज हमने उन्हें चलाकर देखा, वह पूरी तरह ठीक से चल पा रहे थे। वह नियमित आहार ले रहे हैं और इसलिए हमने उन्हें आईसीयू से एक सामान्य विशेष कक्ष में स्थानांतरित करने का फैसला किया है। उन्हें रीढ़ की हड्डी में गहरी चोट के मद्देनजर आराम की सलाह दी गई है।’’ डॉ. डांगे ने कहा, ‘‘आज (शुक्रवार को) हम आगंतुकों को सैफ से मिलने की अनुमति नहीं देंगे क्योंकि हम चाहते हैं कि वह आराम करें।’’

मां शर्मिला टैगोर मिलने पहुंची

 सैफ की मां एवं अपने समय की मशहूर अभिनेत्री शर्मिला टैगोर शाम को लीलावती अस्पताल बेटे से मिलने पहुंची।  लीलावती अस्पताल के मुख्य संचालन अधिकारी (सीओओ) नीरज उत्तमानी ने बताया कि खून से लथपथ सैफ ‘शेर की तरह’ अस्पताल में दाखिल हुए और उनके साथ उनका आठ वर्षीय बेटा तैमूर भी था।

स्ट्रेचर लाओ, मैं सैफ अली खान हूं’: ऑटो रिक्शा चालक ने बताई हमले वाली रात की आंखों देखी

See also  बिहार में महिला सिपाही की संदिग्ध मौत, किराये के कमरे में मिली लाश, पुलिस विभाग में हड़कंप
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now