अस्पताल में बदसलूकी, रिसेप्शनिस्ट का बाल पकड़कर घसीटा; किस बात पर भड़का मरीज

Maharashtra_Hospital_News_

महाराष्ट्र के एक अस्पताल से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पर डॉक्टर का इंतजार करने के लिए कहने पर एक व्यक्ति बुरी तरह से भड़क उठा। गुस्से में उसने रिसेप्शनिस्ट को पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उसने उसे बालों से पकड़कर घसीटा भी। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर, हमने भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत हमले, अश्लील भाषा का उपयोग करने और एक महिला के शीलभंग का मुकदमा दर्ज किया है।

यह मामला प्राइवेट अस्पताल, श्री बाल चिकित्सालय का है। यह घटना उस वक्त हुई जब अस्पताल में डॉक्टर एक रिप्रजेंटेटिव से मीटिंग कर रहे थे। उन्होंने रिसेप्शनिस्ट सोनाली प्रदीप कालासरे को निर्देश दिए थे कि इस दौरान किसी को अंदर न आने दिया जाए। इसी दौरान गोकुल झा नाम का शख्स वहां पर पहुंचा। आरोप है कि गोकुल नशे में था। जब सोनाली ने उसे रोका तो गोकुल ने उसको लात मारी और बाल पकड़कर खींचे।

इस दौरान वहां मौजूद स्टाफ और मरीजों के रिश्तेदारों ने सोनाली को किसी तरह से बचाया। यह पूरी घटना रिसेप्शन एरिया में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सोनाली ने मानापाणा पुलिस थाने में गोकुल झा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया और फिलहाल मामले की जांच कर रही है। असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर सुहास हेमाडे ने कहा कि हमने पीड़िता बयान के आधार पर केस दर्ज किया है।

 

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now