पटनाः दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित महुली रोड पर तेल, रिफाइंड और डालडा के बड़े गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई है।आग की सूचना मिलते ही दर्जनों दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
गोदाम में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल का भारी मात्रा में भंडारण किया गया था। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना रात करीब 1 बजे हुई।आग लगने की सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। आग पर काबू पाने के लिए दो दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार मशक्कत कर रही हैं। घटना के करीब छह घंटे बाद भी आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो सकी थी। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


