डेस्कः सितंबर महीने के पहले ही दिन महंगाई का झटका लगा है। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने LPG सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। IOCL के मुताबिक, 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 9.50 रुपये तक बढ़ गए हैं।हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है कि 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें नहीं बढ़ाई गई हैं।
5 किलो और 10 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमतें भी नहीं बढ़ाई गई हैं। 5 किलो वाला सामान्य छोटू LPG गैस सिलेंडर अभी भी 349.50 रुपये का मिल रहा है, जबकि XTRALITE की कीमतें भी 339 रुपये पर स्थिर है। हालांकि 5 किलो वाले नॉन-डॉमेस्टिक सिलेंडर की बात करें तो इसका दाम 762 रुपये से बढ़ कर 764 रुपये हो गया है।

दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों में LPG सिलेंडर के दाम
आज से 19 किलो वाला सिलेंडर दिल्ली में 9.50 रुपये महंगा होकर 2747.50 रुपये का हो गया है। कल तक इसकी कीमत 2,738 रुपये थी।
नोएडा में 19 किलो वाले गैस सिलेंडर के दाम 2,738 रुपये से बढ़कर 2,747.50 रुपये हो गए हैं। यहां भी 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
मुंबई में 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 2,701 रुपये में मिल रहा है. 31 अगस्त तक यहां इसके दाम 2691.50 रुपये थे।
कोलकाता में 19 किलो वाले गैस सिलेंडर के दाम 2872.50 रुपये से बढ़कर 2,982 रुपये हो गए हैं। यहां भी 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं चेन्नई में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 2916.50 रुपये का हो गया है। अभी कल तक ये सिलेंडर, 2,906 रुपये में मिल रहा था।






