पलामूः बिहार में शराबबंदी के बाद शराब तस्करी के अलग-अलग तरीके देखे जा रहे है। शराब माफिया अलग-अलग तरीकों से शराब की तस्करी करवा रहे है। बिहार-झारखंड के बॉडर पर फल की वेटियों में छिपाकर शराब तस्करी का खेल चल रहा है। पुलिस बॉडर इलाके में शराब तस्करी को लेकर जांच कर रही थी इसी दौरान बस के इमरजेंसी गेट से कूदकर तस्कर फरार हो गया।

मंगलवार सुबह करीब 7:45 बजे पंडवा थाना क्षेत्र के एनएच-39 पर लोहड़ा स्थित प्लस टू सूरत उच्च विद्यालय के समीप पुलिस ने मेदिनीनगर से औरंगाबाद जा रही यात्री बस की तलाशी ली। इस दौरान सेब और अनार की पेटियों से शराब की बड़ी खेप बरामद की गई।


जानकारी के अनुसार, तस्कर ने मेदिनीनगर से बिहार के अंबा तक का टिकट लिया था। वह अपने साथ सेब और अनार की पेटियां लेकर बस में सवार हुआ था। इन पेटियों के भीतर शराब की बोतलें छिपाकर रखी गई थीं। लोहड़ा विद्यालय के समीप पुलिस ने बस रोककर जांच शुरू की तो तस्कर को पकड़े जाने का डर सताने लगा। वह बस के पिछले हिस्से में बने इमरजेंसी गेट से कूदकर लोहड़ा पंचायत की ओर फरार हो गया।
पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि फल की पेटियों से शराब जब्त की गई है। फिलहाल बोतलों की गिनती की जा रही है। इसके बाद ही शराब की कुल मात्रा और ब्रांड का पता चल सकेगा। फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लोहड़ा पंचायत सहित आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।





