लंदन: देश की जांच एजेंसियां ललित मोदी और विजय मालया का इंतजार कर रही हैं । और इधर लंदन में वे मस्ती में सुर से सुर मिला रहे हैं । फ्रैंक सिनात्रा के इस प्रसिद्ध गीत की धुन पर ललित मोदी और विजय माल्या लंदन में एक भव्य निजी पार्टी में साथ गाते नजर आए। प्रसिद्ध अंग्रेजी गीत And now, the end is near, And so I face the final curtain, (“अब अंत निकट है और मैं आखिरी परदे का सामना कर रहा हूं…”) खुद ललित मोदी द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
विजय माल्या के साथ ललित मोदी का जश्न
लंदन में आयोजित समर पार्टी में पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी और किंगफिशर एयरलाइंस के संस्थापक विजय माल्या को लंदन में एक कराओके पार्टी के दौरान साथ गाते और हंसते हुए देखा गया। वीडियो में दोनों भगोड़े अरबपति फ्रैंक सिनात्रा का मशहूर गीत “My Way” गा रहे हैं। यह कार्यक्रम ललित मोदी के आवास पर आयोजित उनके “वार्षिक समर पार्टी“ का हिस्सा था, जिसमें 310 से अधिक मेहमान शामिल हुए थे।
भारत के भगोड़े, लंदन में मना रहे हैं जश्न
ललित मोदी साल 2010 में देश छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे। उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग, बोली में हेरफेर और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघन से जुड़े कई मामले दर्ज किए हैं। भारत सरकार ने कई बार उनकी प्रत्यर्पण की मांग की है, लेकिन वह अब भी ब्रिटेन में रह रहे हैं।
वहीं, विजय माल्या, जिन पर करीब ₹9,000 करोड़ के बैंक ऋणों को चुकाने में विफल रहने के आरोप हैं, 2016 में देश छोड़कर चले गए। उन्हें भारत सरकार ने भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया है। हाल ही में ब्रिटेन की हाई कोर्ट ने 2021 में जारी उनकी दिवालिया घोषित करने के आदेश के खिलाफ अपील को खारिज कर दिया।
ं
विजय माल्या और ललित मोदी की दोस्ती
माल्या ने पिछले वर्ष सोशल मीडिया पर दावा किया था कि भारत सरकार ने उनसे ₹14,131 करोड़ की संपत्ति जब्त की है, जो उनकी कंपनी के बकाया कर्ज से कहीं अधिक है। उन्होंने सवाल किया था कि अगर सरकार ने दोगुनी वसूली कर ली है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों जारी है। इस पर ललित मोदी ने टिप्पणी की थी, “यह भी बीत जाएगा।”
क्रिस गेल भी बने पार्टी का हिस्सा
पार्टी में कई नामी हस्तियां शामिल हुईं, जिनमें वेस्ट इंडीज के क्रिकेटर क्रिस गेल भी थे। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ललित मोदी और विजय माल्या के साथ एक फोटो साझा करते हुए लिखा, “हम जिंदगी के मजे ले रहे हैं। इस शानदार शाम के लिए धन्यवाद।“
ललित मोदी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
ललित मोदी ने इंस्टाग्राम पर पार्टी का वीडियो शेयर करते हुए लिखा:
“310 दोस्तों और परिजनों के साथ एक अद्भुत रात बिताई। कई लोग खास तौर पर इस आयोजन के लिए आए थे। यह मेरी ज़िंदगी की सबसे खास रातों में से एक रही। उम्मीद है यह वीडियो इंटरनेट पर बवाल ने मचाए । यह निश्चित ही विवादास्पद है… लेकिन यही तो मैं सबसे अच्छा करता हूं।” उन्होंने कराओके सेटअप के लिए म्यूज़िशियन कार्लटन ब्रेगांज़ा का धन्यवाद किया और क्रिस गेल को “यूनिवर्स बॉस” कहकर संबोधित किया।


