लोहरदगा : जिले के शहरी क्षेत्र के बरवाटोली स्थित मनोकामना सिद्धि दुर्गा मंदिर परिसर से कांवरिया संघ बरवाटोली के तत्वावधान में सोमवार को गुमला जिला के घाघरा प्रखंड के देवाकी बाबा धाम तक भव्य कांवर यात्रा निकाली गई। लोहरदगा से देवाकी धाम तक हजारों शिवभक्तों ने कांवर यात्रा निकाल कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सावन की तीसरी सोमवारी पर लोहरदगा में शिवभक्ति की अलौकिक छटा देखने को मिली। कांवर यात्रा में बच्चे, युवा, महिला-पुरुष के साथ हर आयु वर्ग के श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान शिव और माता पार्वती से सुख-शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए भक्तों ने प्रार्थना की। जय श्रीराम समिति, विश्व हिंदू परिषद समेत अन्य हिंदू संगठन के प्रतिनिधियों ने इस कांवर यात्रा में अपनी सहभागिता निभाई।वर्षा की फुहारों के बीच भी भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार सुबह लोहरदगा शहर के मनोकामना सिद्धि दुर्गा मंदिर परिसर से कांवरिया संघ बरवाटोली की भव्य कांवर यात्रा निकली। जिसमें सैकड़ों शिव भक्त भगवा वस्त्रों में सजे, डीजे की भक्ति धुन पर झूमते-गाते भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए गुमला जिले के देवाकी बाबाधाम शिव मंदिर की ओर करीब 30 किलोमीटर पद यात्रा पर निकल पड़े। इस यात्रा में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी शामिल थे। बारिश की तेज बूंदें भी भक्तों के उत्साह को रोक नहीं पाई। शोभायात्रा की शुरुआत मनोकामना सिद्धि दुर्गा मंदिर परिसर से हुई, जहां लोहरदगा एसडीओ अमित कुमार, मुख्यालय डीएसपी समीर तिर्की, मुख्य अतिथि गौरव आरपी अग्रवाल, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु, समिति के आजीवन संरक्षक सुनील अग्रवाल और कांवरिया संघ बरवाटोली के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल उर्फ लड्डू सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने श्रद्धा और भावपूर्ण श्रद्धांजलि के साथ शिव भक्तों को रवाना किया। यह शोभायात्रा लोहरदगा के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जिनमें ईस्ट गोला रोड, महावीर चौक, अपर बाजार, गुदरी बाजार, शास्त्री चौक, अमला टोली, वीर शिवाजी चौक, हटिया गार्डन, तिवारी दुर्रा, राणा चौक और मिशन चौक शामिल हैं। गुमला जिले के देवाकी बाबाधाम पहुंच कर भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक किया।
विशेष झांकी यात्रा का रही आकर्षण
लोहरदगा : यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश से लोहरदगा पहुंचे शिव भक्तों की विशेष झांकी यात्रा का आकर्षण बनी। जिसमें कलाकारों ने भगवान शिव और उनके गणों के रूप में जीवंत रूप धारण कर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। सभी सदस्य अपनी कला और मंत्रमुग्ध करने वाले नृत्य से श्रद्धालुओं को प्रभावित करने में कामयाब रहे। मार्ग के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। जिससे यात्रा की गरिमा और भी बढ़ गई। वर्षा और लंबी पैदल यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं के चेहरे पर न तो थकान की छाया थी और न ही कोई परेशानी दिखाई दी। उनका समर्पण और भक्ति भाव मन मोह लेने वाला था। सावन की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर देवाकी बाबाधाम पहुंचकर सभी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। भगवान भोलेनाथ की आराधना के साथ अपने मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।
झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का रिजल्ट जारी, देखिये सफल अभ्यर्थियों की लिस्ट
कांवरियों का हुआ स्वागत
लोहरदगा : लोहरदगा से घाघरा देवाकी तक की पैदल यात्रा के दौरान भक्तों का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। बरवाटोली से निकलकर घाघरा पहुंचने के बीच भक्तों का कई स्थानों पर स्वागत सत्कार किया गया। महावीर चौक, गुदरी बाजार, सेन्हा चौक, अरु चौक सहित अन्य स्थानों पर स्वागत किया गया। कांवरियों के लिए जलपान और फल की व्यवस्था लोगों ने की थी। स्वागत से शिव भक्तों का उत्साह और भी बढ़ गया था।
हजारों शिवभक्तों का जत्था जयकारा के साथ झूमते देवकी रवाना
लोहरदगा : सावन माह के तीसरी सोमवारी को लोहरदगा शहर के बरवाटोली से हजारों शिव भक्तों की टोली हर्षोल्लास के वातावरण में झूमते नाचते-गाते भगवान शंकर की जयकारा लगाते हुए जलाभिषेक करने के उद्देश्य से गुमला जिले के घाघरा प्रखंड अन्तर्गत देवाकी बाबा धाम के लिए रवाना हुए। देवाकी धाम जाने के क्रम में सेन्हा प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर हिंदू संगठनों द्वारा शिव भक्तों का पानी व प्रसाद देकर फूल वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। साथ ही दुर्गा मंदिर के समीप सेन्हा में व्यवसायिक संघ द्वारा गुड़-चना, पानी और फूल से स्वागत किया गया। शिव भक्तों की टोली में भक्तजन शिव पार्वती का भव्य स्वरूप धारण किए हुए थे, जो आकर्षण का केंद्र था। भगवान महादेव शंकर पर जलार्पण के लिए देवाकी जाने वालों में बच्चे नवयुवक और महिला भक्त शामिल थे। जिनके द्वारा बोल-बम का उद्घोष किया जा रहा था, जिसे वातावरण गुंजायमान हो रहा था। वहीं लोहरदगा से देवकी बाबा धाम जाने के क्रम में प्रखंड क्षेत्र के सेन्हा, अर्रु, भड़गांव और कंडरा सहित अन्य जगहों पर शिव भक्तों का भव्य स्वागत किया गया। मौके पर स्वागत करने वालों में विजय सोनी, संतोष महतो, अवधेश साहु, मनीष गिरी, गौतम कुमार, कामेश महतो, जोध नारायण साहू, राजकुमार साहू सहित हिंदू संगठन के सैकड़ो लोग शामिल थे।









