बोकारो: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) का आयोजन रविवार को हुआ। झारखंड के छह जिलों में 430 परीक्षा केंद्र पर परीक्षा हुई। परीक्षा के ठक पहले सैकड़ों अभ्यर्थियों को दो अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर जारी होने से असमंजस की स्थिति का सामना करना पड़ा, इसके बाद रविवार को आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET Exam 2026) के दौरान बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली।बोकारो के सेक्टर 9 पटेल स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सेट के 32 प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र तक पहुंचे ही नहीं। जैसे ही यह बात अभ्यर्थियों को पता चली, वे आक्रोशित हो गए और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।

निर्धारित समय पर प्रश्न पत्र नहीं पहुंचने से परीक्षा बाधित हो गई, जिसके बाद अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर जमकर हंगामा किया। केंद्र पर कुल 729 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी।सभी अभ्यर्थियों को समय पर प्रवेश तो दे दिया गया, लेकिन न तो बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज हो सकी और न ही प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया जा सका।सैकड़ों की संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मौके पर पहुंचे।
बिना परीक्षा के बाहर निकाला
लंबे इंतजार के बाद करीब 12:30 बजे परीक्षार्थियों को बिना परीक्षा कराए ही बाहर निकाल दिया गया, जिससे उनका आक्रोश फूट पड़ा। बताया गया कि इस केंद्र पर देवघर, दुमका और गोड्डा समेत कई जिलों से अभ्यर्थी पहुंचे थे।दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए पुनः परीक्षा कराने की मांग की। गौरतलब है कि 26 अप्रैल को आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 51 केंद्र बनाए गए थे, जहां 22,404 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी।परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक उपस्थिति और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद एक प्रमुख केंद्र पर परीक्षा का आयोजन नहीं हो पाना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
JPSC ने दो विषयों की परीक्षा की रद
बोकारो में हुई अव्यवस्था के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने बड़ा फैसला लेते हुए दो विषयों की परीक्षा रद कर दी है। आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुछ केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं होने और प्रश्न पत्र के अपठनीय होने की शिकायतें मिली थीं।इसी के मद्देनजर बोकारो के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल में आयोजित शिक्षा विषय तथा रांची के एएसटीवीएस डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, शहीद चौक में आयोजित उड़िया विषय की परीक्षा रद कर दी गई है।आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों विषयों की नई परीक्षा तिथि शीघ्र ही अलग से जारी की जाएगी। इस निर्णय से प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत तो मिली है, लेकिन परीक्षा दे चुके छात्रों के सामने बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है।



