रांचीः झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा 2026 का आयोजन तीन फरवरी से शुरू हो गया हे। परीक्षा दोनों पालियों में होगी। मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी तक जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा 23 फरवरी तक आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जैक ने राज्य के सभी नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील की है।
धनबाद मेयर चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, पूर्व मेयर उम्मीदवार और बीजेपी नेता चंद्रशेखर अग्रवाल JMM में शामिल
परिषद ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, अफवाह, फर्जी प्रश्नपत्र या अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा में राज्यभर से 7.58 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल। इस वर्ष मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 7,58,182 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
इसमें मैट्रिक परीक्षा में 4,23,861 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 3,34,321 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस बार इंटर परीक्षा में कला संकाय का दबदबा बना हुआ है। कुल इंटर परीक्षार्थियों में 63 प्रतिशत से अधिक छात्र कला संकाय से हैं। वहीं, रांची जिले से मैट्रिक के 32,723 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 3,24,321 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
सिंह मेंशन में बमबाजी की जिम्मेदारी लेने वाले अमन सिंह गैंग का VIDEO आया सामने, शंकर सिंह से रिश्ते को नकारा
पहली पाली में मैट्रिक, दूसरी में इंटर की परीक्षा
परीक्षा के तहत पहली पाली में मैट्रिक और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के पहले दिन मंगलवार को मैट्रिक में आइआइटी और वोकेशनल विषयों की परीक्षा होगी, जबकि इंटरमीडिएट में तीनों संकायों के लिए केवल वोकेशनल विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और परीक्षा के तनाव से उबरने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट का समय भी दिया जाएगा।
फर्जी प्रश्नपत्र वायरल करने पर सख्त चेतावनी
जैक की ओर से कहा गया है कि कुछ असामाजिक तत्व यूट्यूब, टेलीग्राम, व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फर्जी और पुराने प्रश्नपत्रों को असली बताकर वायरल करते हैं। ऐसे मामलों को परीक्षा की निष्पक्षता के लिए गंभीर खतरा बताया गया है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि फर्जी प्रश्नपत्र बनाना, उन्हें साझा करना या आगे बढ़ाना और अफवाह फैलाना अपराध की श्रेणी में आएगा।
ऐसे मामलों में दोषियों पर आइटी एक्ट 2000 और भारतीय दंड संहिता के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर सोशल मीडिया चैनल या ग्रुप बंद कराए जाएंगे और संबंधित व्यक्तियों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। जैक ने आम लोगों से अपील की है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें और केवल परिषद द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ परीक्षार्थियों की मदद के लिए टाल फ्री नंबर भी जारी किया गया है।
परीक्षा समय
मैट्रिक : सुबह 9.45 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक
इंटरमीडिएट : दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक
प्रदेश में परीक्षा केंद्रों की संख्या
मैट्रिक : 1,232 परीक्षा केंद्र
इंटरमीडिएट : 757 परीक्षा केंद्र


