लोहरदगा: सड़क सुरक्षा को लेकर मंगलवार को लोहरदगा जिले के कचहरी मोड़ एवं शंख मोड़ पर जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू के नेतृत्व में सघन ड्रिंक एंड ड्राइव एवं वाहन जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान लगभग 100 वाहनों की जांच की गई, जिसमें दोपहिया, चारपहिया तथा बड़े वाणिज्यिक वाहन शामिल थे। जांच के दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से शराब सेवन की जांच की गई। साथ ही बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई।

इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार के सघन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।अभियान में जिला परिवहन कार्यालय एवं रोड सेफ्टी टीम के सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे।








