कोडरमा: विवाहिता के साथ प्रेम प्रसंग में उसके पति को रास्ते से हटाने की साजिश रचने और फिर कीटनाशक का इंजेक्शन देकर उसकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में मृतका की पत्नी की भी संलिप्तता सामने आई है। गत 17 अक्टूबर को कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के लकराही तालाब के समीप बंद पड़े पत्थर खदान से बरामद नरेश ठाकुर (हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत भगहर निवासी) के शव बरामदगी के मामले में यह सनसनीखेज कहानी सामने आई है। मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी किरण देवी और उसके प्रेमी सुनील ठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच वर्ष 2019 से प्रेम संबंध था और वे शादी करने के लिए नरेश को रास्ते से हटाना चाहते थे। पुलिस ने हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर उद्भेदन करने का दावा किया है।
कोलकाता जाने के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
पुलिस की जांच के अनुसार, नरेश ठाकुर 10 अक्टूबर को कोलकाता जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई। सुनील ठाकुर नरेश का परिचित होने के साथ झोलाछाप चिकित्सक भी था। उसने इलाज कराने के बहाने नरेश को अपने पास बुलाया। आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर सुनील ने अपने क्लिनिक में इलाज के दौरान उसे कीटनाशक से भरा इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को क्लिनिक में ही बोरे में बंद कर रखा गया। मौका मिलने पर सुनील ने शव को मोटरसाइकिल पर लादकर नवलशाही थाना क्षेत्र के लकराही तालाब के समीप बंद पड़े पत्थर खदान में फेंक दिया। पूरे घटनाक्रम में मृतका की पत्नी किरण देवी की संलिप्तता रही थी।

पति की गुमशुदगी की भी दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद किरण देवी ने चौपारण थाने में अपने पति की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इधर, 17 अक्टूबर को नवलशाही पुलिस ने पत्थर खदान से अज्ञात शव बरामद किया। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश की परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने सुनील की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल और पर्स बरामद किया। पर्स में आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और एसबीआई का बैंक कार्ड था।
एसपी ने किया मामले का खुलासा
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि शव बरामद होने के बाद गठित विशेष अनुसंधान टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न पहलुओं की जांच के आधार पर मामले का उद्भेदन किया। जांच में प्रेम प्रसंग के कारण हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, नरेश की हत्या के बाद किरण और सुनील शादी करने की योजना बना रहे थे। इस मामले में नवलशाही थाना कांड संख्या 69/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।






