गुमला : शहर में दो विवाहित महिलाओं के बीच प्रेम संबंध का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद दिल्ली की एक विवाहित महिला गुरुवार को गुमला पहुंच गई। इसके बाद मामले को लेकर महिला थाना में घंटों तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार गुमला शहर की एक विवाहित महिला की इंस्टाग्राम के माध्यम से दिल्ली की एक विवाहित महिला से जान-पहचान हुई थी।
इंटरनेट मीडिया पर हुई दोस्ती कब प्रेम संबंध में बदल गई, दोनों महिलाओं को इसका एहसास तब हुआ, जब परिवार की ओर से उनकी अलग-अलग युवकों से शादी करा दी गई। बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी रही। उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी क्षमा पोरवाल अपनी प्रेमिका गुमला निवासी काजल कुमारी से मिलने गुरुवार को गुमला पहुंची। इसके बाद मामला महिला थाना पहुंचा, जहां घंटों तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई।

जानकारी के अनुसार गुमला के शांति नगर निवासी काजल कुमारी की जनवरी 2024 में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से जालौन निवासी क्षमा पोरवाल से जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। इस बीच काजल की शादी जून 2025 में गुमला के एक युवक से और क्षमा पोरवाल की शादी नवंबर 2025 में उत्तर प्रदेश में एक युवक से हो गई। इन दोनों की शादी के बावजूद दोनों महिलाओं का संपर्क एक-दूसरे से बना रहा। बताया जाता है कि संबंधों की जानकारी स्वजनों को मिलने के बाद विवाद बढ़ गया। गुरुवार को क्षमा पोरवाल अपने पति को छोड़कर गुमला पहुंची और काजल से मुलाकात की। इसकी जानकारी मिलने पर काजल के ससुराल वाले दोनों को महिला थाना ले गए। जहां काजल ने कहा कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और क्षमा पोरवाल के साथ रहना चाहती है। इस मामले ने समलैंगिक संबंधों, व्यक्तिगत पसंद और पारिवारिक अपेक्षाओं को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
क्या कहती हैं थाना प्रभारी
महिला थाना प्रभारी शिल्पा कुजूर ने बताया कि मामले में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। दोनों महिलाएं थाना पहुंची थीं। काजल के मायके वालों को बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं आए। इसके बाद दोनों को लोहरदगा थाना भेज दिया गया।








