जमशेदपुरः जिले में नए एसएसपी के निर्देशों के बावजूद अपराध थम नहीं रहे हैं।कदमा के रामजनमनगर में एक युवक को उसके ममेरे भाई ने गोली मार दी। संजय टांडी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अनिल सोना फरार हो गया। घायल संजय टांडी ने पुलिस को बताया कि उसका ममेरे भाई अनिल सोना और कृष्णा सोना से लंबे समय से विवाद चल रहा था।
कदमा के रामजनम नगर में फायरिंग
कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में गुरुवार रात करीब 10 बजे पुरानी रंजिश को लेकर अपराधियों ने दुस्साहस दिखाया। हमलावरों ने संजय टांडे नामक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। एक गोली सीधे संजय के जबड़े को चीरती हुई निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अत्यधिक खून बहने की स्थिति में स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल एमजीएम (MGM) अस्पताल में भर्ती कराया। चौंकाने वाली बात यह है कि घायल युवक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते समय अपने साथ वारदात स्थल से मिला खोखा भी साथ ले आया था।
बातचीत के बहाने आए और दाग दी गोली
अस्पताल में स्ट्रेचर पर पड़े घायल संजय टांडे ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अनिल सोना और कृष्णा नामक दो युवक, जिनसे मेरी पुरानी दुश्मनी चल रही थी, पहले मुझसे बातचीत करने के बहाने पास आए। कुछ देर सामान्य बात करने के बाद अचानक दोनों ने कमर से हथियार निकाला और मुझ पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही मैं गिर गया और वे दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
चोरी हुआ सिलिंडर बना विवाद का कारण
घायल संजय की मां ने घटना के पीछे की पूरी कहानी बयां करते हुए बताया कि वेल्डिंग और पेंटिंग का काम करने वाले उनके बेटे का कसूर सिर्फ बीच-बचाव करना था। असल विवाद कुछ इस प्रकार शुरू हुआ:
सिलिंडर की चोरी: कुछ दिन पहले एक पारिवारिक पार्टी के लिए पड़ोसी अनिल सोना से एक गैस सिलिंडर मदद के रूप में लिया गया था, जो वहां से चोरी हो गया।बदले में दिया अपना सिलिंडर: अनिल सोना के दबाव बनाने पर पीड़ित परिवार ने अपने घर का घरेलू सिलिंडर उसे दे दिया।
गुरुवार का विवाद: गुरुवार को अनिल को दोबारा सिलिंडर की जरूरत पड़ी, जिसे लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई और बात मारपीट तक पहुंच गई। इसी दौरान घर लौट रहे संजय ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों ने उस पर दो राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस सुरक्षा दावों पर उठे गंभीर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। इधर, परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। देर रात तक एमजीएम अस्पताल में भी लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि एक तरफ पुलिस सुरक्षा और गश्ती का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।


