रांची: सोमवार को झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में हेमंत सोरेन की सरकार ने बहुमत प्राप्त कर लिया। सरकार के समर्थन में 45 वोट पड़े और विरोध में 0 वोट पड़े। सदन में मत विभाजन के दौरान विपक्ष के सदस्य गैर हाजिर रहे। सरकार के पक्ष में बागी चल रहे विधायक लोबिन हेम्ब्रम और चमरा लिंडा ने भी वोट किया। विधानसभा अध्यक्ष ने हेमंत सोरेन सरकार के बहुमत हासिल करने के बाद सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है।
बहुमत साबित होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज हम लोगों ने विश्वास प्रस्ताव सदन में रखा था, उसपर चर्चा हुई। सत्ता पक्ष और विपक्ष की स्थिति आपके सामने है। संवैधानिक प्रक्रिया को हमने 2019 से लगातार पालन किया है। आज फिर से सत्ता पक्ष की एकजुटता और मजबूती का परिचय आप सबको देखने को मिला।
विधानसभा में बहुमत हासिल करने के बाद दोपहर तीन बजे राजभवन में हेमंत सोरेन के कैबिनेट का विस्तार होगा और मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। माना जा रहा है कि चंपाई सोरेन सरकार में शामिल मंत्री एक बार फिर से कैबिनेट में जगह पा सकते है। वही जेएमएम कोटे से बैद्यनाथ राम और कांग्रेस कोटे से इरफान अंसारी को मंत्री बनाया जा सकता है।




