धनबाद:बीसीसीएल लोदना क्षेत्र से हो रही कोयला चोरी पर रोकथाम को लेकर मंगलवार को कोयला भवन मुख्यालय से जीएम सिक्यूरिटी हफीजुद्दीन कुरैशी, सीआइएसएफ के डिप्टी कमांडर हरीश जोशी, लोदना जीएम एके सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने निरीक्षण किया. बागडिगी कोलियरी के व्यू प्वाइंट से परियोजना का मुआयना किया गया.
डिप्टी कमांडेंट से क्षेत्र में क्यूआरटी से लगातार निगरानी रखने की बात कही. उन्होंने कहा कि लोदना क्षेत्र में भारी पैमाने पर कोयला चोरी हो रही है. इससे प्रबंधन को नुकसान हो रहा है. बीसीसीएल मुख्यालय की टीम पहुंचने के बाद लोदना क्षेत्र में अवैध खनन और कोयला तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है. ज्ञात हो कि लोदना क्षेत्र से व्यापक पैमाने पर कोयला चोरी हो रही थी.
वहीं तिसरा थाना क्षेत्र के कुइयां पांच नंबर में मंगलवार को तिसरा पुलिस, सीआइएसएफ व स्थानीय प्रबंधन ने संयुक्त रूप से अवैध मुहाने की डोजरिंग करायी. स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन से इलाके में भू-दंसान का खतरा मंडरा रहा था. तिसरा थाना क्षेत्र में कुइयां जोड़ियां, कुड्यां 5 नंबर, रानी सती मंदिर कॉलोनी, एमओसीपी, घनुडीह ओपी क्षेत्र, आमटाल आदि स्थानों पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है. टुंडी, निरसा, आसनसोल से मजदूर मंगवाकर खनन कराया जा रहा है. चांद कुइयां कॉलोनी के बगल में अवैध खनन हो रहा है. इससे कॉलोनी पर खतरा बना हुआ है. प्रबंधन की इस कार्रवाई अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया


