चतरा : झारखंड के चतरा जिले से अंधविश्वास और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करने के अंधविश्वास में एक महिला ने अपने ही परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर नाबालिग भतीजी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, अमावस्या की रात बच्ची की बलि देने की साजिश रची गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और तंत्र-मंत्र से जुड़ी कई संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है।
दिवाली के दौरान लापता हुई थी बच्ची
मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चन्द्रि गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत चट्टी अनंतपुर गांव का है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्याकांड का खुलासा किया। एसपी के अनुसार, बीते 11 नवंबर को बच्ची की मां सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत प्रतापपुर थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया और चतरा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
घर से महज 150 मीटर दूर मिला शव
पुलिस की जांच के दौरान 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव उसके घर से करीब 150 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ियों और धान के खेत से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद मामला हत्या का निकला। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर जांच तेज कर दी। एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया।
सिद्धि प्राप्त करने के अंधविश्वास में हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि बच्ची की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी। आरोप है कि उसने कथित तौर पर तंत्र-मंत्र के जरिए सिद्धि प्राप्त करने के अंधविश्वास में अपने भैसुर बिन्दु भारती और भतीजे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की हत्या की। पुलिस का दावा है कि वारदात को अमावस्या की रात अंजाम दिया गया। जांच में यह बात भी सामने आई है कि बच्ची के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद चल रहा था। पुलिस अब इस पहलू को भी मामले की जांच में शामिल कर रही है।
खून से सने हथियार और तंत्र-मंत्र की सामग्री बरामद
पुलिस ने घटनास्थल और मुख्य आरोपी सोहरी देवी के घर से कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। इनमें खून लगा हसुवा, खून लगी करणी, लोहे की छेनी, लाल रंग की टूटी चूड़ियां और बाली शामिल हैं। इसके अलावा खून लगा पलाश का पत्ता, घास, बच्ची के कपड़े और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाली बताई गई सामग्री जैसे सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी भी जब्त की गई है।
तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने मामले में सोहरी देवी, बिन्दु भारती और जुगेश भारती को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस हत्याकांड के खुलासे में प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन समेत एसआईटी और सशस्त्र बल के जवानों की भूमिका रही।





