रांचीः पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के कब्जे वाली हजारीबाग की 50 डिसमिल खास महाल जमीन सरकार वापस लेगी। जमीन की लीज शर्तों के उल्लंघन के मामले में हजारीबाग उपायुक्त की ओर से भेजे गये लीज पुनर्ग्रहण के प्रस्ताव को भू-राजस्व मंत्री ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद विभाग ने हजारीबाग उपायुक्त को जमीन वापस लेने की कार्रवाई पूरी कर इसकी सूचना विभाग को देने का निर्देश दिया है।
पूरा मामला हजारीबाग के खास महाल क्षेत्र के अंतर्गत कैंटोनमेंट मौजा के थाना नंबर 157 के भवन पट्टा होल्डिंग संख्या 872/1235, 873/1336 व 893/1337 से जुड़ा है। इसमें एक प्लाट की 25 डिसमिल, दूसरे प्लाट की 15 डिसमिल व तीसरे प्लाट की 10 डिसमिल जमीन का विभिन्न लीज शर्तों के उल्लंघन के फलस्वरूप लीज पुनर्ग्रहण किया जाना है।
लीज शर्तों के उल्लंघन मामले में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग के आयुक्त कार्यालय ने 17 जून 2025 को उक्त जमीन से संबंधित दस्तावेज को संलग्न करते हुए विभाग से कार्रवाई की अनुशंसा की थी। मिली जानकारी के अनुसार उक्त जमीन को राज्य सरकार ने लीज पर जिस व्यक्ति को दी थी, उसके निधन के बाद उसके वंशज उक्त जमीन का एग्रीमेंट कई लोगों को कर चुके हैं।
जो नियमत: गलत है। सूचना है कि पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने भी उससे एग्रीमेंट कराया और उक्त जमीन पर चारदीवारी खड़ी कर दी है। इस मामले में हजारीबाग में प्राथमिकी भी दर्ज की जा चुकी है।





