कोडरमाः धनबाद-गया रेलखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब कोडरमा से बरकाकाना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन की सबसे आखिरी बोगी से अचानक तेज धुआं उठने लगा। पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन संख्या 53373 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर शाम 3:15 बजे कोडरमा स्टेशन से रवाना होने वाली थी।




प्राथमिक तौर पर 7 फायर स्टिंगर और रेल परिसर में लगे नल से पाइप के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह से काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नही चल पाया है। बता दें कि 53373 कोडरमा बरकाकाना पैसेंजर कोडरमा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर खड़ी थी और 3 बजकर 15 मिनट में यह कोडरमा स्टेशन से रवाना होने वाली थी। जानकारी के अनुसार ट्रेन के जिस अंतिम कोच में आग लगी थी, वह दिव्यांगों के लिए आरक्षित थी, ऐसे में उसमें एक भी यात्री सवार नहीं थे, जबकि दूसरे बोगी में यात्री अपनी सीट पर बैठे हुए थे।
कोडरमा स्टेशन पर शॉर्ट सर्किट से पैसेंजर ट्रेन के आखिरी डिब्बे में लगी आग
कोडरमा से हजारीबाग होते हुए बरकाकाना जा रही थी ट्रेन pic.twitter.com/Eb1Kdbe84f
— Live Dainik (@Live_Dainik) September 24, 2026
प्लेटफार्म संख्या एक पर मैजूद यात्रियों ने समय रहते रेल कर्मियों को ट्रेन की अंतिम बोगी से निकलने वाले धुएं की जानकारी दी। आग बुझाने में आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ कर्मी मौजूद थे, इधर मौके पर मौजूद स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि पैसेंजर ट्रेन कुछ देर में खुलने ही वाली थी, इससे पहले इसके अंतिम बोगी से धुआ निकालने की जानकारी यात्रियों के द्वारा दी गई। इसके बाद तत्परता से आग पर काबू पाया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह से बुझाया। इधर, ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में बैठने के दौरान अचानक कुछ जलने की बू आने लगी, जब उन लोगों ने ट्रेन से बाहर आकर देखा, तो पाया कि उनके जस्ट पीछे वाली बोगी में आग लगी हुई है और भयानक रूप से धुआं निकल रहा है।




