डेस्कः स्पेन एक बार फिर फुटबॉल की दुनिया का बादशाह बन गया है। FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को हराते हुए दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया है।लियोनेल मेसी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना की टीम अपना टाइटल डिफेंड नहीं कर सकी। स्पेन ने दूसरी ओर 16 साल का सूखा खत्म किया। स्पेन ने दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप जीता है। इससे पहले 2010 में ये टीम चैम्पियन बनी थी। वहीं अर्जेंटीना की टीम चौथी बार वर्ल्ड कप खिताब नहीं जीत सकी।अर्जेंटीना की टीम इटली और ब्राजील जैसा कारनामा नहीं कर पाई, जिसने बैक टू बैक टाइटल जीते थे। इटली ने 1934 और 1938 में खिताबी जीत हासिल की थी। जबकि ब्राजील की टीम ने 1958 और 1962 का संस्करण अपने नाम किया था। फाइनल में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी का जादू बिल्कुल भी नहीं चला।
19 जुलाई (रविवार) को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए फाइनल में स्पेन ने गत चैम्पियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। निर्धारित समय तक स्कोर 0-0 से बराबर था। ऐसे में मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा, जहां स्पेनिश टीम ने जीत हासिल की। 106वें मिनट में सब्स्टीट्यूट प्लेयर फेरान टोरेस ने स्पेन के लिए गोल दागा। टोरेस को एक अन्य सब्स्टीटयूट खिलाड़ी निको विलियम्स ने पास दिया, जिसपर वो गोल करने में कामयाब रहे। गोल, डिफेंस, टैक्टिस से इतर यहां भी डोनाल्ड ट्रंप खबरों में रहें जो होस्ट देश के राष्ट्रपति के नाते फाइनल देखने पहुंचे थे। ट्रंप ने अपनी आदत से मजबूर होकर फुटबॉल के इस शानदार मौके को भी अपने रंग में रंगना चाहा लेकिन फैंस की हूटिंग के सामने उनकी एक न चली।
President Trump takes the pitch to present the FIFA World Cup trophy pic.twitter.com/i3SwXyKQh6
— Sports Illustrated (@SInow) July 19, 2026
बिन बुलाए मेहमान बनने की कोशिश
जब डोनाल्ड ट्रंप और फीफा के प्रेसिडेंट जियानी इन्फेंटिनो प्रेजेंटेशन सेरेमनी के लिए मैदान पर आए, तो स्टेडियम में मौजदू 80 हजार से ज्यादा लोगों ने जबरदस्त हूटिंग की। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पेन की जीत की पार्टी में बिना बुलाए शामिल होने की कोशिश की थी। ट्रंप ‘मरीन वन’ हेलीकॉप्टर से स्टेडियम पहुंचे। मैच शुरू होने से लगभग 45 मिनट पहले राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर स्टेडियम के ऊपर से उड़ा था। मैच के दौरान वे इन्फेंटिनो के साथ लग्जरी सीटों वाले एक शीशे से कवर हिस्से में बैठे थे। उनके आस-पास कई बड़े लोग और पूर्व खिलाड़ी भी बैठे थे, जिनमें स्पेन के राजा फेलिप VI, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम शामिल थे।
इसके बाद, जब ट्रंप ने स्पेन को वर्ल्ड कप ट्रॉफी सौंपी, तो उन्होंने पोडियम के किनारे टीम के साथ खड़े होकर जश्न में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन इन्फेंटिनो ने चुपचाप उन्हें वहां से हटा दिया। याद कीजिए कि इसी स्टेडियम में पिछले साल हुए क्लब वर्ल्ड कप में ऐसा ही नजारा देखने को मिला था, जब ट्रंप ने चैंपियन चेल्सी को ट्रॉफी सौंपी थी और खिलाड़ियों को हैरान करते हुए जश्न में शामिल होने की कोशिश की थी।
President Donald J. Trump presents the World Cup Trophy to Spain, the 2026 @FIFAWorldCup Champions! 🏆 pic.twitter.com/SHsoBhYm1b
— The White House (@WhiteHouse) July 19, 2026
बता दें कि ट्रंप दोबारा चुने जाने के बाद कई स्पोर्ट्स इवेंट्स में शामिल हुए हैं। पिछले साल, वह सुपर बाउल, टेनिस के US ओपन, डेटोना 500 और गोल्फ के राइडर कप में शामिल हुए थे। इस साल, वह कई गोल्फ इवेंट्स, कॉलेज फुटबॉल की नेशनल चैंपियनशिप गेम और NBA फाइनल के तीसरे गेम में शामिल हुए, जहां न्यूयॉर्क निक्स के लोकल फैंस ने उनकी हूटिंग की।


