लोहरदगा:JPSC-JSSC में भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया की मांग को लेकर निकाली जा रही “भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा” सोमवार को लोहरदगा पहुंची। 24 जिला, 24 संकल्प के नारे के साथ चल रही इस यात्रा का नेतृत्व छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो कर रहे हैं।
लोहरदगा पहुंचने पर यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने शंख नदी तट स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा झारखंड के युवाओं के हक और अधिकार की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



इस अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह यात्रा केवल JPSC और JSSC परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य में पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था स्थापित करने की मांग को लेकर निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए।
हाल ही में झारखंड के शिक्षा मंत्री *सुदिव्य कुमार सोनू* के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आज की यात्रा दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित है। उन्होंने उनके योगदान को याद करते हुए परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

विधायक जयराम महतो और पुलिस प्रशासन के बीच हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना पूरी जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। उनके अनुसार जयराम महतो झारखंड के युवाओं की आवाज उठाने वाले नेताओं में शामिल हैं और बड़ी संख्या में युवा उनके साथ खड़े हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को रोजगार के विकल्प के रूप में *पकौड़ी और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों* को अपनाने संबंधी दिए गए बयान पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा सरकारी नौकरियों, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सम्मानजनक रोजगार के अवसरों की अपेक्षा रखते हैं। सरकार को युवाओं के लिए रोजगार सृजन और रिक्त पदों पर नियुक्ति की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

गौरतलब है कि 24 अगस्त से शुरू हुई भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा रामगढ़ जिले के नेमरा गांव से प्रारंभ होकर झारखंड के सभी 24 जिलों का भ्रमण कर रही है। अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले निकाली जा रही इस यात्रा का उद्देश्य भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जनसमर्थन जुटाना है। यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से संवाद भी किया जा रहा है।
देवेंद्र नाथ महतो ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार भर्ती व्यवस्था में सुधार और अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीर पहल नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।





