डेस्कः बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद अब तक करीब आधा दर्जन एनकाउंटर हो चुके है। अपराधियों को खदेड़-खदेड़ कर गोली मारी जा रही है। बिहार में चल रहे इस ऑपरेशन का अब अपराधियों पर असर दिखने लगा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने के संदेश गोली चलाओगे तो गोली खाओगे का असर एक अपराधी पर इतना हुआ कि उसने गंगा नदी में अपने हथियार को प्रवाहित कर दिया।
हत्या, लूट और रंगदारी के कई मामलों में रहा है शामिल
मामला भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गनगनिया इलाके का है. यहां रहने वाला कैलाश मंडल लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है। हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद उसे एहसास हुआ कि बिहार में अब पुलिस का रवैया पूरी तरह बदल चुका है और अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई हो रही है।
गंगा घाट पर ली अपराध छोड़ने की कसम
बताया जा रहा है कि इसी डर और बदलाव के माहौल के बीच कैलाश मंडल ने अपराध छोड़ने का फैसला लिया। वह सुल्तानगंज के पवित्र गंगा घाट पहुंचा और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उसने अपने पास मौजूद अवैध हथियारों को गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया। हथियार बहाने के बाद उसने हाथ जोड़कर प्रण लिया कि अब वह दोबारा किसी भी आपराधिक घटना में शामिल नहीं होगा।
बिहार में ऑपरेशन लंगड़ा का अपराधियों में खौफ
एनकाउंटर और पुलिस कार्रवाई से अपराधी में डर
एक अपराधी ने हथियार गंगाजी में प्रवाहित कर दिया
अपराधी कैलाश मंडल ने हिंसा से दूर रहने का प्रण लिया
भागलपुर से सामने आई अपराधी की वायरल वीडियो @bihar_police @PoliceBhagalpur #Bihar pic.twitter.com/4uORoMNr9W— Live Dainik (@Live_Dainik) May 21, 2026
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
गंगा तट पर एक कुख्यात अपराधी द्वारा हथियार छोड़ने और अपराध से तौबा करने की खबर अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार और पुलिस के सख्त रुख की वजह से अब अपराधियों में डर पैदा हो रहा है। लोगों का मानना है कि लगातार हो रही कार्रवाई से बड़े-बड़े अपराधियों के हौसले टूट रहे हैं।


