डेस्कः झारखंड मुक्ति मोर्चा के सचिव और प्रवक्ता पंकज मिश्रा के आह्वान पर साहिबगंज और पाकुड़ जिले में रेलवे ट्रैक से पत्थर व कोयला की रैक लोडिंग बंद करने संबंधी हड़ताल समाप्त हो गया है। कोलकाता में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और जेएमएम नेताओं के साथ एक हाईलेवल कमेटी की बैठक हुई, जिसमें सहमति बनने के बाद हड़ताल को समाप्त कर दिया गया। इस हड़ताल से रेलवे और व्यापार से जुड़े कामकाज पर असर पड़ा था।
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत तीन पर आरोप गठित, 1993 विस्फोट मामले में ट्रायल शुरू
रेलवे ने की हाई लेवल मीटिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों, पत्थर व्यवसायियों और झामुमो नेताओं के साथ कोलकाता में एक हाई लेवल कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्य रूप से ईस्टर्न रेलवे के जीएम मिलिंद देउस्कर, झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा, महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य संजय गोस्वामी समेत बड़ी संख्या में पत्थर व्यवसायी मौजूद रहे।
पाकुड़ में DPS स्कूल की बस से कुचलकर युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने 9 घंटे तक सड़क को रखा जाम
कई ट्रेनों के ठहराव को भी मंजूरी
बैठक के बाद झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने बताया कि रेलवे ने क्षेत्र की कई मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने बताया कि पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव, साहिबगंज में पूर्वी और पश्चिमी आरओबी (ओवरब्रिज) के टेंडर जल्द जारी करने और पाकुड़ से भागलपुर के लिए एक लोकल ट्रेन शुरू करने पर सहमति बनी है, जो दिल्ली जाने वाली ट्रेन से मेल खाएगी। इसके अलावा पाकुड़ में बंद पड़े एक्सीलेटर को चालू करने, साहिबगंज में लोको शेड निर्माण, वनांचल एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी का एक पूरा कोच जोड़ने सहित अन्य कई मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई है। बैठक के बाद सहमति बनने पर पत्थर और कोयला की ढुलाई फिर से शुरू कर दी गई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और मजदूरों को राहत मिली है।




