डेस्कः काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने भी साल 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का बिगुल फूंक दिया है। काउंसिल ने ICSE (10वीं) और ISC (12वीं) की परीक्षाओं का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, 12वीं के छात्रों को 9 फरवरी से ही परीक्षा की अग्निपरीक्षा से गुजरना होगा, जबकि 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी।
CISCE की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ICSE की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, ISC की परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। छात्र विषयवार परीक्षा कार्यक्रम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर देख सकते हैं।

त्योहारों पर नहीं होगी परीक्षा, होम सेंटर में बैठेंगे विद्यार्थी
बोर्ड के कार्यक्रम के अनुसार, त्योहारों के दिन परीक्षा नहीं रखी गयी है। महाशिवरात्रि 6 मार्च, ईद-उल-फितर 10 मार्च, होलिका दहन 21 मार्च, होली 22 मार्च और गुड फ्राइडे 26 मार्च को परीक्षा नहीं होगी। 11 फरवरी को वसंत पंचमी और सरस्वती पूजा के अवसर पर भी परीक्षा नहीं रखी गयी है। हालांकि, ईद की तारीख चांद दिखने पर निर्भर करेगी। परीक्षा होम सेंटर में आयोजित होगी। हालांकि, बोर्ड की ओर से परीक्षा के संचालन और निगरानी के लिए पर्यवेक्षक तैनात किये जायेंगे। त्योहारों को ध्यान में रखकर परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को प्रमुख पर्वों के दौरान परीक्षा नहीं देनी पड़े।
10वीं में 76 और 12वीं में 60 विषयों की परीक्षा
ICSE की परीक्षा 76 विषयों में देशभर के 2,835 केंद्रों पर आयोजित होगी। वहीं, ISC की परीक्षा 60 विषयों में 1,477 केंद्रों पर होगी। झारखंड से ICSE में 17,201 और ISC में 5,356 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा के समय में भी किया गया बदलाव
इस वर्ष ICSE परीक्षा के समय में भी बदलाव किया गया है। अधिकांश विषयों की परीक्षा में प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए सुबह 10 बजे से समय मिलेगा, जबकि उत्तर लिखने की शुरुआत सुबह 10:15 बजे से होगी। विद्यार्थियों को सुबह 9:45 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षार्थी विषयवार परीक्षा कार्यक्रम CISCE की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर देख सकते हैं।







