रांचीः आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत की जांच सीबीआई करेगी । मुख्यमंत्री हेमंंत सोरेन ने इसके निर्देश दिए हैं । उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट पर इसकी जानकारी दी है । गौरतलब है कि निशा भगत ने फेसबुक पोस्ट के जरिए लाइव आ कर अपनी व्यथा बताई और जान दे दी थी । बीजेपी लगातार सरकार पर सीबीआई जांच का दवाब बना रही थी । ऐसा पहली बार है कि हेमंत सोरेन ने किसी मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं ।
निशा भगत प्रकरण की जांच अब CBI करेगी। निर्देश दे दिए गए हैं।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 10, 2026

निशा भगत के लिए निकला यह मशाल जुलूस सिर्फ एक जुलूस नहीं, बल्कि न्याय की क्रांति है – जो न रुकेगी, न झुकेगी!
हेमंत सरकार के संरक्षण में पल रहे हत्यारों का अंत अब निश्चित है, न्याय होकर रहेगा। https://t.co/V2zz4hBiq4
— BJP JHARKHAND (@BJP4Jharkhand) November 10, 2026
6 नवंबर को निशा भगत की हुई थी मौत
6 नवंबर को झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत ने आत्महत्या कर ली थी। मौत से करीब दो घंटे पहले निशा भगत फेसबुक पर लाइव आई थी और प्रशासन पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी कई गंभीर सवाल उठाए थे । फेसबुक पर लाइव के दौरान वो कई बार भावुक नजर आई। इस दौरान उन्होंने कई बार अपने माता-पिता और आदिवासी समाज का जिक्र किया। फेसबुक लाइव के दौरान कई बार उनके पिता का फोन आता रहा। लाइव करते हुए ही अचानक वीडियो बंद हो गया था ।
बीजेपी ने कहा सीबीआई करेगी निष्पक्ष जांच
बीजेपी इस मामले में लगातार सियासत करती हुई नजर आ रही थी । उन्होंने मंगलवार की शाम रांची में एक मशाल जुलूस भी निकाला था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले में राज्य सरकार द्वारा सीबीआई जांच की अनुशंसा किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही इस मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रही थी। निशा भगत की आत्महत्या की खबर मिलते ही भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने सड़क पर उतरकर आंदोलन शुरू कर दिया था।
उन्होंने कहा कि एसटी मोर्चा ने पुतला दहन, मशाल जुलूस से लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की, एसटी मोर्चा सहित पूरी भाजपा ने सरकार पर लगातार दबाव बनाया। आगामी दिनों में झारखंड बंद और कैंडल मार्च सहित कई आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा की गई थी। भाजपा के इस लगातार आंदोलन का ही असर है कि राज्य सरकार को सीबीआई जांच की अनुशंसा करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
साहू ने कहा कि भाजपा को पूरा विश्वास है कि सीबीआई जांच से दूध का दूध और पानी का पानी होगा। निशा भगत के साथ हुई घटनाओं और उनके आत्महत्या करने के पीछे के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कुछ लोगों द्वारा निशा भगत के चरित्र हनन का प्रयास किया गया, उससे उत्पन्न मानसिक तनाव के बीच उन्होंने अपनी जीवनलीला समाप्त करने का निर्णय लिया। इस पूरे मामले की सच्चाई के जांच के माध्यम से सामने आने की संभावना को बल मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को भरोसा है कि सीबीआई जांच से निशा भगत के परिजनों को न्याय मिलेगा। मामले में जो भी दोषी होंगे, वे किसी भी सूरत में बच नहीं पाएंगे।








