GODDA: झारखंड के गोड्डा जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची का शव बहियार में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शव के साथ बच्ची का सिर नहीं मिला है। इस घटना ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। आशंका है कि देर रात किसी ने उसे घर से बाहर ले गया। सुबह बहियार में शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते पूरे इलाके में घटना की चर्चा फैल गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। बच्ची के साथ हुई इस वारदात के पीछे की वजह और इसमें शामिल व्यक्ति की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या और सिर गायब होने की घटना अत्यंत हृदयविदारक एवं भयावह है। रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही बच्ची को उठाकर ले जाना और फिर इस तरह की नृशंस वारदात को अंजाम देना झारखंड की बदहाल कानून-व्यवस्था की भयावह तस्वीर पेश करता है।
प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है और सरकार की जवाबदेही कहीं नजर नहीं आती। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बजाय अवैध कारोबारों में वसूली और उगाही तक सीमित रह गई है।
@Goddapolice इस जघन्य हत्याकांड की अविलंब निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
@BJP4India @BJP4Jharkhand
— Babulal Marandi (@yourBabulal) November 5, 2026





