गोद ली हुई बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी मां की हत्या, घर में पड़ा था शव और ऑनलाइन मंगा रही थी खाना

Picture of Live Dainik

Live Dainik

April 28, 2026

गोद ली हुई बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी मां की हत्या, घर में पड़ा था शव और ऑनलाइन मंगा रही थी खाना

रांचीःडोरंडा थाना क्षेत्र स्थित मनीटोला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक गोद ली हुई बेटी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या कर दी।इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों के बीच गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में युवती समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
मृतका की पहचान नाहिद परवीण के रूप में हुई है, जो अपने घर में अकेली अपनी बेटी के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि चार साल पहले उनके पति का निधन हो गया था, जो बिजली विभाग में कार्यरत थे।पति की मौत के बाद नाहिद को मिलने वाली पेंशन ही घर का मुख्य सहारा थी। इसी पेंशन के पैसों को लेकर मां-बेटी के बीच अक्सर विवाद होता था, जो अंतत इस खौफनाक घटना में बदल गया। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात की है।
युवती ने अपने प्रेमी और उसके एक दोस्त को घर बुलाया था। देर रात घर के अंदर नाहिद परवीण के साथ मारपीट की गई और फिर उनकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। अगले दिन शनिवार सुबह युवती ने नाहिद के रिश्तेदारों को फोन कर बताया कि उसकी मां बाथरूम में गिर गई हैं और उनकी मौत हो गई है।सूचना मिलने पर नाहिद के रिश्तेदार, जो उत्तर प्रदेश और हजारीबाग में रहते हैं, रांची पहुंचे। बिना किसी गहराई से जांच किए रविवार को नाहिद के शव को दफना दिया गया। हालांकि, घर और मोहल्ले के कुछ लोगों को इस घटना पर संदेह होने लगा।उन्होंने देखा कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान थे और गले के पास कटे हुए घाव भी थे। यह बात धीरे-धीरे फैलने लगी और अंतत इसकी सूचना पुलिस तक पहुंच गई।

See also  विनय चौबे को फ्लैट दिलाने वाले रियल स्टेट कारोबारी पर कार्रवाई, ACB ने सरदार सुरेंद्र सिंह को किया अरेस्ट

पैसे के लिए दिया गया घटना को अंजाम, आरोपितों से चल रही है पूछताछ
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती को हिरासत में लिया और थाने में सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवती ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह अपनी मां की पेंशन के पैसे अपने प्रेमी को देती थी, जिसको लेकर अक्सर घर में झगड़ा होता था।नाहिद नहीं चाहती थी कि उसकी बेटी आरोपित युवक से मिले और उसके साथ रहे। लेकिन बेटी अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहिए थी। बेटी और उसके प्रेमी ने हत्या करने की योजना बनाई और इसी विवाद ने उन्हें इस जघन्य अपराध की ओर धकेल दिया।
कब्रिस्तान से बाहर निकला गया शव भेजा गया रिम्स
मंगलवार को पुलिस ने कब्रिस्तान पहुंचकर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। साथ ही, फारेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि गिरफ्तार किए गए आरोपित नाबालिग हैं या नहीं।
बेटी ने ऑनलाइन चाउमिन और मिठाई मंगाया तब हुआ शक
घटना के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जिस बेटी ने अपनी मां की हत्या की, उसे नाहिद ने मात्र छह महीने की उम्र में गोद लिया था। इस तथ्य ने लोगों को और भी अधिक स्तब्ध कर दिया है।लोगों का कहना है कि नाहिद ने जिस बच्ची को इतने प्यार से पाला, उसी ने उनके साथ इतना क्रूर व्यवहार किया। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि हत्या के समय जब नाहिद का शव घर में पड़ा हुआ था, तब युवती आनलाइन चाउमीन और मिठाई मंगाकर खा रही थी।इस व्यवहार ने भी लोगों के संदेह को और मजबूत किया। कुछ लोगों ने इस दौरान शव की तस्वीरें भी खींच ली थीं। बाद में जब इन तस्वीरों को ध्यान से देखा गया, तो साफ हो गया कि यह एक सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या का मामला है।
युवती की शादी कहीं और हो रही थी तय
पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि उन्हें यह यह भी जानकारी मिली है कि युवती की शादी उसके एक रिश्तेदार से तय होने वाली थी, जो उत्तर प्रदेश में रहता है। क्या इस शादी को लेकर भी कोई विवाद या दबाव था। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि मामले को दबाने की कोशिश की गई थी ताकि शादी में कोई बाधा न आए।पुलिस का कहना है कि इससे मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी आरोपितों की भूमिका को स्पष्ट किया जा रहा है। फरार आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पैसा के चक्कर में बेटी बन गई मां की दुश्मन
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर रिश्तों और पैसों के बीच बढ़ते टकराव को लेकर। एक मां और बेटी के बीच का रिश्ता, जो सबसे पवित्र माना जाता है, इस तरह के अपराध से कलंकित हो गया है।स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और वे आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।

See also  रामनवमी जुलूस में पथराव के बाद कई वाहन आग के हवाले, 10 लोग घायल
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now