रांचीः दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित कांग्रेस की वोट चोरी रैली में शामिल नहीं होना झारखंड युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को महंगा पड़ गया है। वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली में शामिल नहीं होने वाले 32 पार्टी पदाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

इसी तरह मध्य प्रदेश, हिमाचल और हरियाणा युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को भी पद्मुक्त कर दिया गया है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के 60, हिमाचल प्रदेश के 13 और हरियाणा के 10 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए झारखंड युवा कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया था।

इस कार्यक्रम में झारखंड से बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के साथी दिल्ली पहुंचे और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हालांकि, कुछ पदाधिकारी पार्टी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। इसे गंभीरता से लेते हुए पार्टी नेतृत्व ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है और अनुपस्थित रहने वाले कुछ पदाधिकारियों को उनके वर्तमान संगठनात्मक पदों से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है।







