सिमडेगाः बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ झारखंड की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(ACB) ने सिमडेगा में एक बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी रांची की स्पेशल टीम ने केरसई प्रखंड में जाल बिछाकर शिक्षा विभाग के ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर (BPO) अनिल खलखो को कथित रूप से रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। इस गिरफ्तारी के बाद से सिमडेगा के शिक्षा विभाग समेत तमाम सरकारी महकमों और दफ्तरों में खलबली मच गई है।
ACB की टीम ने बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचे गए साहब
मिली जानकारी के अनुसार, केरसई प्रखंड के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और काम के बदले पैसे मांगने की शिकायत लगातार एसीबी को मिल रही थी। एक प्रार्थी की पुख्ता शिकायत के आधार पर एसीबी रांची की टीम ने मामले का सत्यापन कराया फिर गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। जैसे ही बीपीओ अनिल खलखो ने तय रणनीति के तहत घूस की राशि अपने हाथ में ली, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की टीम आरोपी बीपीओ को अपने साथ लेकर रांची के लिए रवाना हो गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फिलहाल रिश्वत की कुल राशि कितनी थी और यह घूस किस काम के बदले ली जा रही थी, इसकी आधिकारिक और विस्तृत रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
अफसरों की दो टूक- ‘कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा’
इस बड़ी कार्रवाई के बाद सिमडेगा जिले के अन्य विभागों में भी हड़कंप का माहौल है और कई अधिकारी-कर्मचारी सहमे हुए हैं। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम चल रहा है। आम जनता का शोषण करने वाले किसी भी सरकारी सेवक या अधिकारी को कतई बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी इसी तरह आक्रामक रूप से जारी रहेगा।




