बिहार के बक्सर में पार्टी कर रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शहर के नया बाजार मठिया मोड़ निवासी बीरबल सिंह के बेटे राजू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजू अपने दोस्तों के साथ गुरुवार देर रात पार्टी कर रहा था। इसी दौरान वारदात हुई। पुलिस ने उसके तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, मर्डर का आरोप दोस्तों पर ही लगा है।
आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को कोचस रोड को करीब पांच घंटे तक जाम रखा। पुलिस ने जिन दोस्तों को हिरासत में लिया है उनमें राहुल खरवार, गुड्डू और एक अन्य युवक शामिल है। बताया जा रहा है कि वारदात वाली रात को राजू इन्हीं सभी लोगों के साथ बैठक कर पार्टी कर रहा था।
बिहार के नवादा में पैक्स अध्यक्ष से 17 लाख की लूट, बीच बाजार में वारदात को दिया अंजाम
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय और इंस्पेक्टर शंभू भगत मौके पर पहुंचे। करीब पांच घंटे बाद जाम हटाया गया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की काफी लंबी कतार लग गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार परिजन ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उन्हें इस मामले की सूचना बहुत देर के बाद दी गई। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आशंका है कि पार्टी के दौरान दोस्तों से विवाद होने पर राजू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नगर थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्चे के दांत काटने से सांप की हो गई मौत, बिहार में आया हैरान कर देने वाला मामला


