धनबादः झारखंड में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाह खूब फैल रही है। कई जिलों में बच्चा चोरी की अफवाह में भीड़ के उग्र होने का मामला सामने आया है। ताजा मामला धनबाद से सामने आई है। राजगंज थाना क्षेत्र के महतोटांड़ गांव में गुरुवार रात बच्चा चोर की अफवाह पर एक अज्ञात युवक को भीड़ ने पकड़ लिया। युवक को लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय मुखिया मनोज महतो और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा।उनके साथ बदतमीजी की गयी और लाठियां चलाई गयीं।
रांची में बच्चा चोरी की अफवाह पर बवाल, दो महिलाओं समेत तीन लोगों की पिटाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। युवक बोलने की स्थिति में नहीं है और उसका इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में चल रहा है। पुलिस ने जब भीड़ से पूछा कि किसके बच्चे की चोरी का प्रयास हुआ था, तो लोग निरुत्तर हो गये और धीरे-धीरे वहां से हटने लगे। बताया गया कि भीड़ में आसपास के कई गांवों के लोग शामिल थे और कई के हाथ में लाठी व कुल्हाड़ी थी।
बेंगाबाद में महिला और अधेड़ की पिटाई
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पतरोडीह और फुरसोडीह गांव में भी बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक महिला और एक अधेड़ व्यक्ति को पकड़ लिया। दोनों के साथ मारपीट की गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित कब्जे में लिया।पूछताछ में पता चला कि अधेड़ व्यक्ति नशे की हालत में अपने ससुराल जा रहा था, जबकि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी।पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चा चोरी जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। यह पूरी तरह अफवाह का परिणाम था।
धनबाद में ट्रांसजेंडर को बनाया निशाना
धनबाद के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र में मटकुरिया मुक्तिधाम के पास एक ट्रांसजेंडर को बच्चा चोरी के शक में पीट दिया गया। सोशल मीडिया पर “बच्चा चोर” की अफवाह तेजी से फैल रही थी। लोगों ने बिना पुष्टि किए उस व्यक्ति को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि वह ट्रांसजेंडर होली के अवसर पर घर-घर जाकर शुभकामनाएं दे रहा था और पैसे मांग रहा था। तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चा चोरी की खबर पूरी तरह झूठी थी और मारपीट करने वालों को चेतावनी दी गयी।
कांग्रेस के दो पूर्व विधायक गिरफ्तार, योगेंद्र साव और निर्मला देवी को उठा ले गई पुलिस
कोडरमा में विक्षिप्त युवक पर हमला
कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में भी एक युवक को बच्चा चोर समझकर पीटा गया।ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध मानकर पकड़ लिया और मारपीट की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को बचाया। थाना प्रभारी के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है। जांच के दौरान बच्चा चोरी से जुड़ा कोई तथ्य सामने नहीं आया।
रांची के एदलहातू में महिला समेत तीन पर हमला
राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के एदलहातू में गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे हंगामा मच गया। तीन वर्षीय बालक किशन कुमार को टोटो में ले जाते तीन लोगों को ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के शक में पकड़ लिया। महिला, टोटो चालक और एक अन्य युवक की पिटाई की गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को भीड़ से बचाया।महिला ने खुद को गुमला जिले की निवासी बताया और कहा कि वह अपनी बेटी-दामाद से मिलने आयी थी। उसके अनुसार बच्चा पहले से टोटो में बैठा हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टोटो चालक व अन्य युवक की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है।
अफवाहों से सहमे ग्रामीण, कानून पर खतरा
लगातार फैल रही अफवाहों के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। कई जगह अभिभावक बच्चों को आंगनबाड़ी या बाहर खेलने भेजने से डर रहे हैं। दूसरी ओर निर्दोष लोग भीड़ के गुस्से का शिकार बन रहे हैं। सोशल मीडिया पर अपुष्ट संदेश तेजी से फैल रहे हैं, जो हालात को और बिगाड़ रहे हैं।


