रांचीः झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 नवंबर से शुरू होगा। पहले दिन SIR प्रक्रिया के खिलाफ और दूसरे दिन MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में संकल्प पारित किया जायेगा। राज्य सरकार केंद्र से खनिज विधेयक के प्रावधानों पर पुनर्विचार करने और खनिज उत्पादक राज्यों के वित्तीय व विधायी अधिकारों के संरक्षण की मांग करेगीV सरकार का तर्क है कि अधिनियम की धारा 9D से खनिज अधिकारों और खनिज धारित भूमि पर कर, उपकर लगाने की राज्य की शक्ति प्रभावित हो सकती है। जेएमबीएल सेस से चालू वित्तीय वर्ष में 19 नवंबर तक 7,628.75 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ है। सरकार के अनुसार, इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास में किया जाता है। संकल्प में मंईयां सम्मान योजना का भी उल्लेख करते हुए कहा गया है कि उपकर से होनेवाली आय में कमी का असर जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है। विधानसभा से पारित संकल्प केंद्र सरकार को भेजा जायेगा।
पहले दिन सदन में खुली चर्चा के बाद इसके विरोध में प्रस्ताव पारित किया जाएगा। विशेष सत्र के दूसरे दिन सदन में एमएमडीआर पर विशेष चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित कर विरोध दर्ज किया जाएगा। झारखंड देश का पहला राज्य होगा, जहां एमएमडीआर और एसआईआर को लेकर दो दिनों तक सदन के अंदर विशेष चर्चा होने जा रही है।
25-26 नवंबर को आयोजित इस विशेष सत्र के दौरान सदन में गरमागरम बहस होने के आसार हैं। सत्तारूढ़ दल जेएमएम-कांग्रेस-राजद केंद्र की भाजपा सरकार पर एमएमडीआर के जरिए झारखंड सहित देश के अन्य राज्यों की खनिज संपदा पर एकाधिकार करने का आरोप लगाते हुए झारखंड को इससे होनेवाली क्षति का मुआवजा और सेस होनेवाली क्षति का हिसाब मांग रही है। वहीं एसआईआर के जरिए राज्य में बड़ी संख्या में लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काटने का आरोप लगाते हुए देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।
विशेष सत्र को लेकर सत्ता पक्ष-विपक्ष तैयार
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने पूरी तैयारी कर रखी है। सदन के नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जहां सत्तारूढ़ दलों के सभी विधायकों-मंत्रियों को सदन में उपस्थित रहने को कहा है। वहीं विपक्ष ने भी पूरी तरह से तैयारी कर रखी है। मंगलवार को सत्तारूढ़ दल और बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद बुधवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। जिसमें एमएमडीआर और एसआईआर को लेकर बुलाए गए विशेष सत्र पर रणनीति बनाई गई। वहीं इस मौके पर कांग्रेस नेता और राज्य सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा बड़ी घोषणा की जाएगी। इस सत्र के जरिए हम देश में लागू किए गए एमएमडीआर से झारखंड को होने वाले क्षति को लेकर विरोध प्रकट कर केंद्र को अवगत कराएंगे। इसी तरह से एसआईआर को लेकर जो लोगों को परेशानी हो रही है और नाम काटे जा रहे हैं इसका भी विरोध किया जाएगा।





