गुमलाः शहर के कार्तिक उरांव कॉलेज के समीप पालकोट रोड पर मंगलवार देर रात करीब 12ः30 बजे ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से टकरा गया।
टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग बुझने के बाद घटनास्थल पर चालक का केवल नर कंकाल मिला। मृत चालक की पहचान पंकज कुमार (35), निवासी नावली लालपुर, थाना रक्सौली, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक राउरकेला से छड़ लोड कर अलीगढ़ जा रहा था। इसी दौरान कार को बचाने के प्रयास में चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन बिजली पोल से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक चालक ने घटना की सूचना गुमला थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था और चालक की मौत हो चुकी थी।
मंगलवार की सुबह घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। जले हुए ट्रक और चालक के अवशेष देखकर लोग सहम गए। पुलिस ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर यातायात नियंत्रित किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।





