रांचीः आदिवासी नेता निशा भगत की मौत से कुछ घंटे पहले सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिशिर राज से फोन पर बातचीत हुई थी। निशा ने उनसे अजय तिर्की के खिलाफ केस दर्ज कराने को लेकर कानूनी सलाह मांगी थी। रविवार को सीबीआई ने अधिवक्ता शिशिर राज का बयान दर्ज किया। उन्होंने जांच एजेंसी को फोन पर हुई बातचीत और उसके बाद की घटनाओं की जानकारी दी।
शिशिर राज के मुताबिक, निशा ने पहली बार फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को लेकर सलाह मांगी थी। इस पर उन्होंने कहा था कि पहले वह पूरे मामले को समझेंगे और उसके बाद उन्हें जानकारी देंगे। इसके कुछ समय बाद निशा ने उन्हें दोबारा फोन किया।
रास्ते में थी आवाज साफ नहीं सुनाई दे रही थी
अधिवक्ता ने बताया कि दूसरी बार निशा का फोन आने के समय वह एयरपोर्ट के लिए निकल चुके थे। रास्ते में होने के कारण फोन पर आवाज स्पष्ट सुनाई नहीं दे रही थी। ऐसे में उन्होंने निशा से एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा फोन करने की बात कही और कॉल काट दी। बाद में उन्होंने निशा को फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्हें निशा की मौत की खबर मिली। उन्होंने किसी दूसरे माध्यम से भी इस खबर की पुष्टि की। सीबीआई ने उनसे यह जानने की कोशिश की कि निशा से उनकी बातचीत कब और किन परिस्थितियों में हुई थी। जांच अधिकारी के साथ टीम का नेतृत्व कर रहे डीआईजी (दिल्ली) ने भी उनसे पूछताछ की।
“इतनी बोल्ड महिला आत्महत्या कर सकती है, यकीन नहीं होता”
शिशिर राज ने पूछताछ के दौरान कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि इतनी बोल्ड महिला आत्महत्या कर सकती है। निशा ने मौत से कुछ घंटे पहले उनसे कानूनी सलाह मांगी थी। ऐसे में उनकी बातचीत जांच के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
फेसबुक लाइव के बाद हुई थी निशा की मौत
आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत ने छह नवंबर को कथित तौर पर आत्महत्या कर जान दे दी थी। इससे पहले उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर राज्य सरकार और जमीन के कारोबारियों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। उनके माता-पिता, जिनमें झारखंड आंदोलन के कार्यकर्ता आनादु भगत भी शामिल हैं, ने उनकी मौत के पीछे साजिश होने का आरोप लगाया था। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।
इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निशा की मौत की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। जांच अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने सोमवार को दो आरोपियों अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
महिला आयोग ने भी लिया था संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग ने सात नवंबर को मामले का स्वतः संज्ञान लिया था। आयोग ने अधिकारियों को समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने और सात दिन के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी हाल में इस मामले के सिलसिले में रांची का दौरा किया था।





