रिम्स जमीन घोटालाः पूर्व रजिस्ट्रार वैभवमणि त्रिपाठी के UP स्थित घर पर छापेमारी, कई अहम दस्तावेज जब्त

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 23, 2026

रिम्स जमीन घोटालाः पूर्व रजिस्ट्रार वैभवमणि त्रिपाठी के UP स्थित घर पर छापेमारी, कई अहम दस्तावेज जब्त

रांचीः रिम्स जमीन घोटाला मामले में एसीबी रांची की टीम ने मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त और रांची के तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी के गोरखपुर, उत्तरप्रदेश स्थित आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई विशेष निगरानी न्यायालय, रांची के आदेश पर की गयी। छापेमारी के दौरान एसीबी की टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य बरामद किये हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, जब्त किये गये दस्तावेज घोटाले से जुड़े अहम तथ्यों का खुलासा करने में मददगार साबित हो सकते हैं।

जब्त साक्ष्यों के आधार पर आगे के अनुसंधान में कुछ और बड़े खुलासे होने की संभावना है। आरोपितों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 318 के तहत बेईमानी से जमीन हथियाने और बीएनएस 338 व बीएनएस 336 के तहत धोखाधड़ी के मकसद से जमीन के मालिकाना हक व सरकारी दस्तावेज की जालसाजी करने का गंभीर आरोप है।

साथ ही बीएनएस 340 के तहत इन जाली कागजातों को असली बताकर जमीन की रजिस्ट्री व म्यूटेशन कराने में इस्तेमाल करने का मामला भी दर्ज किया गया है। जमीन दलाल और अधिकारियों के सिंडिकेट ने सुनियोजित तरीके से घोटाले को अंजाम दिया है। दर्ज प्राथमिकी में एसीबी ने आपराधिक साजिश की धारा बीएनएस 61 और अपराध में उकसाने व सहयोग करने पर धारा बीएनएस 49 भी लगाई है।

See also  रांची में केडीएच परियोजना के शैलो प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा, 30 मीटर की ऊंचाई पर टूटा सेफ्टी बेल्ट, मजदूर की मौत

इसके अलावा सरकारी पद का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ कमाने या पहुंचाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(क)/13(1)(ए) सहपठित धारा 13(2) के तहत कड़ी सजा व जुर्माने का शिकंजा कसा गया है। वहीं, भ्रष्टाचार में सहयोग करने, बिचौलिए की भूमिका निभाने या अपराध को बढ़ावा देने को लेकर धारा 12 भी जोड़ी गई है। इन सभी गैर-जमानती और कठोर धाराओं में दोष सिद्ध होने पर आरोपी अधिकारियों व अन्य संलिप्त लोगों का लंबा जेल जाना तय माना जा रहा है।

रिमांड पर आरोपितों को आमने सामने बैठाकर की जा रही है पूछताछ
घोटाले में किसकी क्या-क्या भूमिका, उगलवाए जा रहे राज गिरफ्तार सातों आरोपियों आईएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे, शैलेश कुमार और मनोज कुमार से एसीबी की रिमांड पर दूसरे दिन भी गहन पूछताछ का सिलसिला जारी रहा। टीम ने सुबह से ही सभी आरोपियों से अलग-अलग और फिर एक-दूसरे के आमने-सामने बैठाकर सवाल-जवाब किए। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ का मुख्य केंद्र बिंदु रिम्स की अधिग्रहित और सरकारी प्रकृति की जमीन के मूल दस्तावेजों में की गई छेड़छाड़, फर्जी डीड तैयार करने की प्रक्रिया, संदिग्ध म्यूटेशन और निबंधन कार्यालय स्तर पर दी गई नियमविरुद्ध स्वीकृतियां हैं। जांच अधिकारियों ने जानने की कोशिश की कि इस पूरे सिंडिकेट में किसकी क्या भूमिका थी और किसके इशारे पर सरकारी जमीन को निजी हाथों में बेचने का रास्ता साफ किया गया। यह भी पूछा किम जमीन की खरीद-बिक्री से अर्जित अवैध रकम का बंटवारा किन-किन स्तरों पर हुआ और इस खेल में पर्दे के पीछे से कौन-कौन लोग मदद कर रहे थे।

See also  देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में रेकी की आशंका, स्पेशल ब्रांच ने भेजी रिपोर्ट, सुरक्षा को लेकर अलर्ट

जल्द दर्ज हो सकता है डीए केस- अब आय-व्यय का भी हिसाब खंगाल रही ACB
जमीन की हेराफेरी और पद के दुरुपयोग की जांच के साथ-साथ एसीबी ने अब गिरफ्तार सभी सातों आरोपियों के खिलाफ एक और बड़े मोर्चे पर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच एजेंसी ने सभी आरोपियों के ज्ञात आय के स्रोतों और उनके आय-व्यय का विस्तृत आकलन प्रारंभ कर दिया है। इसके तहत आरोपियों और उनके परिजनों के नाम पर संचालित बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, अचल संपत्तियों और अन्य निवेशों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों की वैध आय की तुलना में उनकी चल-अचल संपत्ति और खर्च का अनुपात क्या है। यदि इस वित्तीय पड़ताल के दौरान आरोपियों के पास आय से अधिक संपत्ति, बेहिसाब नकदी या अवैध ट्रांजेक्शन के पुख्ता प्रमाण हाथ लगते हैं, तो एसीबी की ओर से इन आरोपियों के खिलाफ जल्द ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति (डीए केस) का एक और अलग मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

See also  रांची में BJP ऑफिस के पास तेज रफ्तार फॉरच्यूनर ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now