हजारीबागः जिले में राहुल दुबे गैंग के गुर्गो ने 24 घंटे के अंदर दहशत फैलाने के लिए दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। केरेडारी स्थिति रित्विक कंपनी की गेट पर फायरिंग करने के बाद चौपारण के होटल एके इंटरनेशनल पर फायरिंग की गई है। गैंगस्टर राहुल दुबे ने दोनों घटनाओं की जिम्मेदारी ली है।
केरेडारी की घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना की जिम्मेदारी ली, वहीं चौपारण में घटनास्थल पर गिरोह के सदस्यों ने पर्ची छोड़ रखी थी। जानकारी के अनुसा केरेडारी में 18 नवंबर की रात 12 बजे अपराधियों ने रित्विक कंपनी के गेट पर कई राउंड फायरिंग की। रित्विक एनटीपीसी चट्टी बरियातू कोल माइंस की सहायक कंपनी है, यह कंपनी कोयला खनन का काम करती है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। पगार ओपी थाना प्रभारी दिनेश मंडल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं जिले के होटल एके इंटरनेशनल पर बाइक सवार अपराधियों ने गुरुवार की रात नौ बजे लगातार छह राउंड फायरिंग की। यह होटल जीटी रोड़ स्थित सरदार पुल के पास स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बाइक पर सफेद रंग की हेलमेट पहने दो युवकों ने फायरिंग की। बाइक पर पीछे बैठा युवक गोली दाग रहा था।
होटल प्रबंधक विकास कुमार ने बताया कि होटल के मुख्य द्वारा के शीशे में गोली लगी है, जिससे शीशा टूट गया। घटना के बाद होटल के पास भीड़ लग गयी। इससे पहले 29 अक्टूबर को भी अपराधियों ने हजारीबाग के मटवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल पर फायरिंग की थी। क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग द्वारा लगातार आपराधिक घटनाएं किये जाने से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।





