पाकुड़ः जिले के महेशपुर में एसीबी की टीम ने गढ़बाड़ी गांव के पूर्व चौकीदार धीरेन माल के आवास पर अचानक पहुंचकर छापेमारी शुरू कर दी। एसीबी की टीम के पहुंचते ही इलाके में हलचल मच गई। टीम द्वारा पूर्व चौकीदार के घर पर लगातार जांच-पड़ताल की जा रही है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने ये कार्रवाई की है।

कई वर्षों से चल रहा है आय से अधिक संपत्ति का मामला
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त चौकीदार धीरेन माल के खिलाफ कई वर्षों से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला चल रहा है। इस मामले में पूर्व में भी एसीबी और पुलिस की टीम कई बार उनके आवास और अन्य संभावित ठिकानों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर चुकी है।हालांकि, लंबे समय से यह मामला जांच के दायरे में बना हुआ है।
बताया जाता है कि गुरुवार को एसीबी की टीम अचानक गढ़बाड़ी गांव स्थित उनके आवास पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। छापेमारी के दौरान धीरेन माल के घर पर नहीं होने की जानकारी सामने आयी। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वे अहले सुबह ही अपना मोबाइल फोन बंद कर पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट चले गये हैं।हालांकि, उनके जाने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सर्च वारंट के आधार पर जुटाये जा रहे साक्ष्य
एसीबी की टीम सर्च वारंट के आधार पर आवास की तलाशी लेकर आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में जरूरी जानकारी और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई थी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा। फिलहाल एसीबी की ओर से छापेमारी में बरामद किसी सामान या दस्तावेज और जांच के निष्कर्ष को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है। एसीबी की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी मिलने की संभावना है।





