कोडरमा में शिक्षक शशिभूषण सिंह का निलंबन खत्म करने की मांग को लेकर प्रदर्शन, छात्राओं ने DEO के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 18, 2026

कोडरमा में शिक्षक शशिभूषण सिंह का निलंबन खत्म करने की मांग को लेकर प्रदर्शन, छात्राओं ने DEO के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

कोडरमा : सीएम उत्कृष्ट सीडी बालिका विद्यालय की छात्राओं का अपने निलंबित शिक्षक शशिभूषण सिंह के समर्थन में आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। शिक्षक की विद्यालय में पुनर्बहाली की मांग को लेकर छात्राएं बुधवार को विद्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर कोडरमा समाहरणालय स्थित डीसी कार्यालय पहुंचीं।

यहां छात्राओं ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षक शशिभूषण सिंह को दोबारा विद्यालय में बहाल करने की मांग उठाई। छात्राओं का कहना था कि शिक्षक के निलंबन के बाद से ही वे लगातार उनकी बहाली की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से छात्राओं में नाराजगी है। इसी के विरोध में उन्होंने एक बार फिर विद्यालय से निकलकर समाहरणालय तक पहुंची।

 

उल्लेखनीय है कि दीपावली की छुट्टी से पहले इस मामले को लेकर कोडरमा के एसडीओ, सीओ, डीईओ समेत अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में छात्राओं और प्रशासन के बीच वार्ता हुई थी। बैठक में छात्राओं की मांग पर दस दिनों के भीतर जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया था। छात्राओं को उम्मीद थी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मामले का समाधान हो जाएगा। हालांकि, दस दिन बीत जाने के बाद भी न तो निलंबन वापस लिया गया और न ही उनकी मांग पर कोई स्पष्ट निर्णय सामने आया।गौरतलब है कि शिक्षक शशिभूषण सिंह के निलंबन के बाद भी छात्राओं ने कई बार विरोध प्रदर्शन किया था। स्कूल गेट पर प्रदर्शन से लेकर झुमरी तिलैया के झंडा चौक पर सड़क जाम तक की थी। मामला इतना बढ़ा कि प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा था। अब एक बार फिर छात्राओं के समाहरणालय पहुंचने से शिक्षक का निलंबन और उनकी विद्यालय में पुनर्बहाली का मामला चर्चा में आ गया है।

See also  राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए निकली वैकेंसी, जानिए सैलरी से लेकर उम्र तक सबकुछ
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now