लोहरदगा : लोहरदगा शहरी क्षेत्र के ईस्ट गोला रोड में एक घर में आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान की बात कही जा रही है। हालांकि नुकसान का फिलहाल पूरी तरह से आकलन नहीं हो पाया है। यह घर ईस्ट गोला रोड निवासी नीरज अग्रवाल के पुत्र गौतम अग्रवाल उर्फ लड्डू का बताया जा रहा है। बताया जाता है कि घर में स्कूटी की बैटरी चार्ज की जा रही थी। इसी दौरान अचानक से बैटरी फट गई। जिसके बाद घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में घर के कई कमरे आ गए। आग से घर में रखे ज्यादातर प्लास्टिक के सामान को नुकसान हुआ है। तत्काल स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना अग्निशमन विभाग की टीम को दी। साथ ही स्थानीय लोगों द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया गया। जिसके बाद अग्नि शमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक काफी सामान जल चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी जमा हो गए थे। लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। स्थानीय लोगों ने संयम का परिचय देते हुए आग पर काबू पाने में मदद की। घटना को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।






