रांचीः मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की 51 लाख से अधिक महिलाओं को अब दुर्घटना बीमा सुरक्षा योजना का लाभ देने की भी तैयारी है। इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। मंईयां योजना के लाभुकों को दुर्घटना बीमा का लाभ देने के लिए झारखंड ग्रामीण बैंक ने मुख्यमंत्री को प्रस्ताव दिया है। बैंक के चेयरमैन मदन मोहन बरियार ने सीएम को दिए प्रस्ताव में कहा है कि मंईयां के सभी लाभुकों को बैंक से जोड़े जाने पर बैंक अपने खर्च पर उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (दुर्घटना बीमा) का लाभ देगा। बैंक के चेयरमैन ने कहा कि सभी लाभुकों को बैंक से जोड़े जाने पर एक वर्ष बाद इन लाभुकों को बैंक अपने खर्च पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना देने पर भी विचार करेगा।
प्रस्ताव में बैंक की ओर से कहा गया है कि महिला सशक्तीकरण केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं होना चाहिए। महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा, संस्थागत ऋण और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने पर महिलाएं आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी।

30 हजार लाभुकों को पहले ही दे चुका है ऋण
झारखंड ग्रामीण बैंक के चेयरमैन मदन मोहन बरियार के अनुसार मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी बैंक काम कर रहा है। अब तक करीब 30 हजार लाभुक महिलाओं को करीब 251 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। इससे महिलाएं स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ा रही हैं। बैंक योजना की लाभुक महिलाओं को बैंकिंग, ऋण और सामाजिक सुरक्षा की सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
सरकार और बैंक के बीच होगा एमओयू
चेयरमैन बरियार ने मुख्यमंत्री से योजना की पात्र लाभुक महिलाओं को झारखंड ग्रामीण बैंक से जोड़ने के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही झारखंड सरकार और झारखंड ग्रामीण बैंक के बीच इस संबंध में औपचारिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) निष्पादित कराने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश देने का अनुरोध किया है। चेयरमैन ने कहा कि बैंक इस महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी पहल को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने को पूरी तरह तैयार है। बैंक का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता के साथ बीमा सुरक्षा, ऋण और अन्य बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है।








