रांचीः झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन में करीब 23 साल बाद नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। गिरिडीह में आयोजित एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) में भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा को नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं, शबाना रब्बानी को मानद सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई कार्यकारिणी के गठन के लिए आयोजित चुनावी प्रक्रिया के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की आधिकारिक घोषणा की। आमसभा में झारखंड के 22 जिलों के अध्यक्ष और सचिव शामिल हुए। चुनाव नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट 2025 के नये दिशानिर्देशों को ध्यान में रखकर कराया गया।
नई कार्यकारिणी में महिलाओं को भी जगह
नई कमेटी में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। शबाना रब्बानी को मानद सचिव बनाया गया है, जबकि नूपुर टोप्पो उपाध्यक्ष और आशा कुमारी संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगी। संघ की नयी टीम से राज्य में फुटबॉल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल के विकास के लिए काम करने की उम्मीद की जा रही है।
किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी
झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन की घोषित नई कार्यकारिणी में शामिल पदाधिकारी इस प्रकार हैं –
अध्यक्ष : प्रदीप कुमार वर्मा
उपाध्यक्ष : मोहम्मद अजहर अंसारी, मुकुल चौधरी और नूपुर टोप्पो
मानद सचिव : शबाना रब्बानी
कोषाध्यक्ष : सैयद शाह आफताब अहमद
संयुक्त सचिव : आशा कुमारी और मोहम्मद मसूर आलम
कार्यकारिणी सदस्य : सुभाष रजक, साजिद अहमद और नवनीत ओझा।








