पलामू : बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर लौटने की चाहत एक युवक के लिए मुसीबत बन गई। आरोप है कि घर भेजने का भरोसा देकर एक दलाल ने उसे अपने जाल में फंसा लिया, जिसके बाद वह दुबई की जेल में बंद हो गया। अब बेटे की रिहाई की आस में परेशान पिता ने हुसैनाबाद थाना प्रभारी से मदद की गुहार लगाई है। मामला हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दादरा गांव (दंगवार) का है। गांव निवासी ललन पासवान ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपने 23 वर्षीय पुत्र शशि कुमार पासवान की दुबई की जेल से रिहाई में मदद करने का अनुरोध किया है।


आवेदन के अनुसार, शशि वर्ष 2025 में एक कंपनी के अनुबंध पर काम करने के लिए दुबई गया था। इसी बीच उसकी छोटी बहन की शादी 26 जून 2026 को तय हुई। शादी में शामिल होने के लिए वह घर लौटना चाहता था। इसी दौरान वह कथित तौर पर एक दलाल के संपर्क में आया। पिता का आरोप है कि दलाल ने उसे घर भेजने का भरोसा देकर उससे पैसे भी ले लिए। हालांकि, बाद में प्रशासन की कार्रवाई के दौरान दलाल के साथ शशि को भी दुबई की जेल में बंद कर दिया गया।

बेटे के विदेश की जेल में बंद होने की खबर से परिवार परेशान है। जिस घर में बहन की शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब बेटे की रिहाई को लेकर चिंता बनी हुई है। ललन पासवान ने थाना प्रभारी से मामले में आवश्यक पहल कर अपने पुत्र की रिहाई में मदद करने की मांग की है।इधर, शशि की पत्नी सुमित्रा ने दूरभाष पर बताया कि उनके पति ने उन्हें जानकारी दी है कि दलाल ने उन्हें टेलीग्राम से जुड़े एक मामले में फंसा दिया है। उनके अनुसार, शशि पिछले तीन महीने से जेल में बंद है।फिलहाल, युवक की गिरफ्तारी के वास्तविक कारणों, मामले की कानूनी स्थिति और रिहाई की संभावनाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। परिवार को अपने बेटे की घर वापसी के लिए संबंधित अधिकारियों की पहल का इंतजार है। इस संबंध में हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और उन्होंने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है। उन्होंने परिवार को उचित माध्यम से संपर्क करने की सलाह दी है।






