रामगढ़ः शुक्रवार देर रात पतरातू प्रखंड अंतर्गत बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एवं इस्पात प्राइवेट लिमिटेड नामक स्पंज-आयरन फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। फैक्ट्री के पावर प्लांट पर जोरदार धमाके के बाद आग लग गई।
इस घटना में बुरी तरह झुलसे तीन इंजीनियरों की मौत हो गई। एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर हजारीबाग निवासी तरुण रजवार को उपचार के लिए रांची रोड स्थित दि हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।मृतकों में रांची निवासी फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी 50 वर्ष, जगेश्वर बिहार बोकारो निवासी 25 वर्षीय विनीत महतो व गढ़वा निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पांडेय शामिल है।

प्रोडक्शन वर्क के दौरान हादसा
बताया गया कि फैक्ट्री के पावर प्लांट साइट में उत्पादन कार्य के दौरान अचानक ब्लास्ट होने के बाद आग लगने के बाद रात्रि पाली में काम कर रहे मजदूरों में अफरा–तफरी मच गई। जान बचाने के लिए मजदूर इधर भागने लगे।सूचना पाकर देर रात को फैक्ट्री प्रबंधन के लोग व पुलिस पहुंची। रामगढ़ से चार–पांच दमकल बुलाकर आग पर किसी तरह से काबू पाया गया। घटना की सूचना पाकर सुबह से स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ फैक्ट्री गेट के समक्ष जुटी है।
मृतकों के आश्रित को मुआवजा व नौकरी देने की मांग को लेकर फैक्ट्री के गेट को जाम करने की तैयारी में जुटे हैं। इधर फैक्ट्री के पावर प्लांट यूनिट के इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण प्लांट में ओवरहीटिंग के कारण घटना हुई। बार–बार वहां एसी लगाने को कहा गया था, ताकि टेम्प्रेचर कंट्रोल रहे।







