DESK: केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इस बढ़ोतरी के बाद केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता मौजूदा 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो गया है। इससे 55 लाख से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और करीब 69 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होगाहै। DA में बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों की मासिक सैलरी में कितना इजाफा होगा और नई दर कब से लागू होगी?
अब कितनी बढ़ेगी सैलरी
केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी की बढ़ोतरी करने के बाद DA 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो गया है। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में हर महीने 540 रुपये से लेकर 3,000 रुपये या उससे ज्यादा तक का इजाफा हो गया। उदाहरण के लिए, 18,000 रुपये बेसिक पे वाले कर्मचारियों को हर महीने 540 रुपये, 25,000 रुपये बेसिक पे वालों को 750 रुपये, 50,000 रुपये बेसिक पे वालों को 1,500 रुपये और 1 लाख रुपये बेसिक पे वालों को 3,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

अभी कितना था केंद्रीय कर्मचारियों का DA?
बता दें कि केंद्रीय कर्मचारियों को फिलहाल उनके मूल वेतन (Basic Pay) का 60 फीसदी महंगाई भत्ता मिल रहा था। वित्त मंत्रालय की 18 अप्रैल 2026 की विज्ञप्ति के मुताबिक, केंद्रीय कैबिनेट ने DA में 2 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हुई थी। इसके बाद महंगाई भत्ते की दर 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गई थी। अब 3 फीसदी की नई बढ़ोतरी को मंजूरी मिलने के बाद DA की दर 63 फीसदी हो जाएगी। बता दें कि केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को साल में दो बार महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में संशोधन का लाभ मिलता है। ये संशोधन आमतौर पर जनवरी और जुलाई से प्रभावी होते हैं। DA का उद्देश्य महंगाई के कारण बढ़ने वाले खर्चों के असर को कम करना है।
क्या होता है महंगाई भत्ता (DA)?
महंगाई भत्ता (डीए) केंद्र सरकार के कर्मचारियों को दिया जाने वाला अतिरिक्त भत्ता है। इसका मकसद महंगाई के कारण कर्मचारियों की खरीदारी क्षमता पर पड़ने वाले असर को कम करना है। इसकी गणना कर्मचारी के मूल वेतन के प्रतिशत के आधार पर की जाती है। DA में बढ़ोतरी होने पर कर्मचारियों की कुल मासिक सैलरी में इजाफा होता है। वहीं, पेंशनभोगियों को महंगाई राहत (DR) का लाभ मिलता है। नई दर लागू होने की तारीख के आधार पर कर्मचारियों को एरियर भी मिल सकता है।






