हजारीबागः झामुमो के जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के बॉडीगार्ड निरंजन महतो की गोली लगने से मौत हो गई। यह दुखद घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे श्रडड जिलाध्यक्ष के बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी स्थित एक घर में घटी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बंद कमरे से बरामद हुआ शव
इधर, जेएमएम के जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया के बॉडीगार्ड निरंजन महतो का शव एक घर में मिला है। बताया जा रहा है कि घर अंदर से लॉक था और उसी घर से शव को बरामद किया है। पुलिस ने घर को अपने सुरक्षा घेरा में ले लिया है। एफएसएल टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची चुकी है। इसके बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी। इस बात की जानकारी बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद ने दी।
आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच
दरअसल, घटना बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी में घटी है। हालांकि इस बात का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है कि बॉडीगार्ड निरंजन महतो की मौत कैसे हुई है? हालांकि, पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद बॉडीगार्ड निरंजन महतो के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। बता दें कि अंगरक्षक निरंजन महतो हजारीबाग पुलिस में सिपाही के पद पर पदस्थ थे।








