पटनाः खाजेकलां थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और शोभायात्रा के दौरान एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कुंदन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
विसर्जन के दौरान दो गुटों में खूनी मारपीट
स्थानीय लोगों ने बताया कि, घटना खाजेकलां थाना क्षेत्र में सेल्स टैक्स ऑफिस के पास पश्चिम दरवाजा मोड़ के पास हुई। उस समय दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की शोभायात्रा निकल रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि गाना बजाने को लेकर युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ।देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना सामने आई।

DSP ने खुद चलाया ट्रैक्टर
इधर घटना के बाद इलाके में भारी हंगामा मच गया और लोगों ने ऑर्केस्ट्रा ट्रॉली में तोड़फोड़ भी की। इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच विसर्जन रुक गया था, जिसे सुचारू रूप से पूरा करने के लिए डीएसपी शिव शंकर कुमार ने खुद ट्रैक्टर चलाया।
सिटी एसपी ने की घटना की पुष्टि
सिटी एसपी (पूर्वी) शैलजा ने बताया कि, खाजेकलां थानांतर्गत पश्चिम दरवाजा के पास एक बच्चा को चाकू लगने से घायल होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया एवं घायल बच्चा को त्वरित इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टर द्वारा युवक को मृत घोषित कर दिया गया।





