रांचीः झारखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो(Narcotics Control Bureau) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। एनसीबी ने कोकीन और अन्य नशीले पदार्थो की तस्करी और आपूर्ति में शामिल मास्टरमाइंड जिम्मी सहित छह आरोपियों को रांची और जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि राजधानी के मोरहाबादी और कांके के दो बड़े बार में भी ड्रग्स की आपूर्ति की जाती थी। इस इनपुट के आधार पर एनसीबी ने दो बार संचालकों को समन जारी कर 26 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि दोनों बार संचालकों की भूमिका और आपूर्ति की आधिकारिक पुष्टि जांच और बयानों के सत्यापन के बाद की जाएगी। पूछताछ में एसीबी को जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार सभी आरोपी अंतरराष्ट्रीय नशा गिरोह के लिए काम कर रहे थे। इनका धंधा रांची व जमशेदपुर समेत जयपुर और दिल्ली तक फैला हुआ है।

विदेश में बैठे संचालक और स्थानीय तंत्र की पड़तालः रांची के बार से जुड़े मोहम्मद खान ने पूछताछ में संचालक के विदेश में होने की बात कही है। एनसीबी अब पूरे डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, स्थानीय पैडलर्स और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन बारों में आने वाले युवाओं तक ड्रग्स पहुंचाने का क्या तरीका था और इसमें कौन-कौन से स्थानीय सहयोगी शामिल हैं। रांची और जमशेदपुर में हुई इस संयुक्त कार्रवाई के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मचा हुआ है।
रेल पैंट्री कार से रांची पहुंचायी जाी थी नशे की खेप
एनसीबी ने नशे से जुड़े बड़े सिंडिकेट का खुलासा किया है। यह गिरोह ट्रेन की पैंट्री कार के कर्मी का उपयोग नशे के खेप मंगाने के लिए करता था। इसका खुलासा होने पर विशेष टीम ने दबिश देते हुए एक युवती समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में रजन जैन, उदित कुमार, आकाश मल्होत्रा, स्नेहा पासवान, मिलन सिंह और ऋषभ जैन शामिल हैं। बताया गया कि चार लोग 14 अक्टूबर को जबकि मिलन को 15 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। उसके बाद ऋषभ जैन एनसीबी के हत्थे चढ़ा। इनके पास से एमडीएमए और गांजा भी जब्त हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा होने का आरोप है। एनसीबी अब उन्हें रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ करेगी, जिससे कई मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।





