पाकुड़ : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सजा गांव के समीप एक ईंट भट्ठे पर कथित रूप से प्रतिबंधित मांस बेचे जाने की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटनास्थल से मांस के टुकड़े, इलेक्ट्रानिक तराजू, काटने में प्रयुक्त हंसुआ और छुरी तथा बिना नंबर का नीला टोटो जब्त किया है। मामले में मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तारानगर निवासी अंसारुल शेख और कबिरुल शेख, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का बड़तल्ला निवासी खैरुल आलम तथा साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र के मेहदीडांगा निवासी नसिरुद्दीन शेख के रूप में हुई है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने की मंशा से सार्वजनिक स्थान पर गोवंशीय पशु की हत्या कर मांस के छोटे-छोटे टुकड़े बनाकर बेचे जा रहे थे।
ग्रामीणों के जुटने से बनी तनाव की स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और हंगामा करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मांस को काटने के बाद इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन किया जाता था और टोटो के माध्यम से अलग-अलग गांवों में भेजकर बेचा जाता था।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपित
मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि सजा गांव में प्रतिबंधित मांस बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मौके से टोटो, मांस के कुछ टुकड़े और इलेक्ट्रानिक माप-तौल मशीन सहित अन्य सामान जब्त किए गए हैं। आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।






