खूंटीः बुधवार की सुबह खूंटी के संत मिखाइल स्कूल में हथियार से लैस अपराधी घुसे और प्रिंसिपल बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी को गोली मार दी। मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी सीधे स्टॉफ रूम में घुसे और इस घटना को अंजाम देकर फरार हो गये।घायल फादर को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सुबह दशहरा की छुट्टी के बाद स्कूल खुलते ही अज्ञात अपराधी संत मिखाइल स्कूल के अंदर दाखिल हुए और सीधे स्टॉफ रूम में घुसे जहां फादर बेनी एक्का बैठे हुए थे। प्रिंसिपल फादर बेनी एक्का को स्टॉफ रूम में देखते ही अपराधियों ने उनपर गोली चलाई और मौके से फरार हो गये। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

गोली लगने के बाद फादर बेनी एक्का को फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों और स्कूल के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और उनका सुराग लगाया जा सके।
घटना की जानकारी देते हुए स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि फादर बेनेदिक बारला कमरे में बेहोश पड़े हैं। जब वे मौके पर पहुंचे तो कमरे का सारा सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा हुआ पाया गया।इसके बाद उनके सहयोगी फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से घायल फादर को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया।फादर अनिल ने आशंका जताई कि यह वारदात देर रात या अहले सुबह की हो सकती है, क्योंकि रात के वक्त उस हिस्से में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं रहता था। उन्होंने कहा कि हमला गोली मारकर किया गया है या किसी अन्य धारदार हथियार से, यह मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
वारदात की सूचना मिलते ही खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जानकारी देते हुए एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि सुबह करीब 9:00 बजे सूचना मिली कि संत मिखाइल स्कूल में रहने वाले फादर बेनेदिक बारला पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षा घेरे में रिम्स भिजवाया।एसपी ने बताया कि फिलहाल फादर की हालत स्थिर है। चोट किस हथियार से पहुंचाई गई है, यह विस्तृत इंजरी रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट होगा।
![]()
खूंटी के संत मिखाइल स्कूल में घुसकर स्कूल के फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर जानलेवा हमले किए जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने खूंटी के भगत सिंह चौक को जामकर प्रदर्शन किया। लोगों ने खूंटी पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।







