रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत खराब है। उनका हिलव्यू हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, उनके हृदय में कुछ गड़बड़ी पायी गयी है। डॉक्टर उन्हें फिलहाल अपनी निगरानी में रखकर इलाज कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि डॉक्टर रूपी सोरेन की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और जीवन रक्षक उपकरणों की मदद से उनकी निगरानी की जा रही है। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।
मां का हाल जानने अस्पताल पहुंचे हेमंत सोरेन
रूपी सोरेन की तबीयत की जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को हिलव्यू हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से अपनी मां के स्वास्थ्य और इलाज के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनकी स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग और उपचार के बारे में भी जानकारी ली।

मां की बीमारी के कारण कई कार्यक्रम रद्द
रूपी सोरेन लंबे समय से अस्वस्थ चल रही हैं। उनकी तबीयत को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने कई कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं। मुख्यमंत्री अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से लगातार जानकारी ले रहे हैं।
सात अक्टूबर की कैबिनेट बैठक भी स्थगित
रूपी सोरेन की तबीयत को देखते हुए सात अक्टूबर की शाम प्रस्तावित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक भी स्थगित कर दी गयी है। बैठक की अगली तारीख के संबंध में फिलहाल जानकारी सामने नहीं आयी है। फिलहाल हिलव्यू हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम रूपी सोरेन के इलाज और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है।





